एक दिन में कितना पिस्ता खाना चाहिए? जानें एक्सपर्ट डायटिशियन की राय

डेली डाइट में पिस्ता का सेवन करना बेहद फायदेमंद माना जाता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि इसका कितनी मात्रा में सेवन करना चाहिए...

एक दिन में कितना पिस्ता खाना चाहिए? जानें एक्सपर्ट डायटिशियन की राय

हेल्थ डेस्क। शरीर में एनर्जी बनाए रखने के लिए ड्राई फ्रूटस फायदेमंद माने जाते हैं। इसमें आवश्यक विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाते है। इसी प्रकार पिस्ता भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। अगर रोज सुबह उठकर पिस्ता का सेवन किया जाए, तो इससे शरीर को कई फायदे मिल सकते हैं। लेकिन क्या आप जानती हैं एक दिन में पिस्ता का कितना सेवन करना चाहिए? पिस्ता की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसका जरूरत से ज्यादा सेवन भी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस बारे में ज्यादा जानने के लिए हमने बात कि एक्सपर्ट डायटिशियन विनीता सिन्हा से...

पोषक तत्वों से भरपूर है पिस्ता

पिस्ता में विटामिन बी6, विटामिन सी, प्रोटीन, फाइबर, जिंक, कॉपर, मैग्नीशियम, पोटैशियम, कैल्शियम और आयरन की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद मानी जाती है। 

एक दिन में कितना पिस्ता खाना चाहिए?

एक्सपर्ट से मुताबित एक दिन में 15 से 20 ग्राम तक पिस्ता का सेवन किया जा सकता है। लेकिन पिस्ता की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसका सेवन कम मात्रा में ही करने की कोशिश करें। खासकर गर्मियों के दौरान पिस्ता का कम सेवन करें, क्योंकि गर्म तासीर के कारण यह पाचन को नुकसान भी कर सकता है।

पिस्ता का सेवन किस तरह करना चाहिए?

आप पिस्ता को रातभर पानी में भिगोकर सुबह पानी या दूध के साथ ले सकते हैं। इस तरीके से पिस्ता की तासीर निकल जाती है और इसका सेवन करने से नुकसान नहीं होता है। इसके अलावा आप पिस्ता को हलवे, खीर या मिल्क शेक बनाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। 

जरूरत से ज्यादा पिस्ता खाने के नुकसान

पाचन से जुड़ी समस्याएं

आवश्यक मात्रा से ज्यादा पिस्ता का सेवन करने से पाचन से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। पिस्ता में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिससे इसके अधिक सेवन से पेट को नुकसान हो सकता है। इसके कारण पेट दर्द, कब्ज और, एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। 

एलर्जिक रिएक्शन

पिस्ता के अधिक सेवन से कुछ लोगों को एलर्जिक रिएक्शन भी हो सकता है। दरअसल, पिस्ता की तासीर काफी गर्म होती है, जिससे इसका सेवन करने से शरीर में एलर्जिक रिएक्शन नजर आ सकता है। 

डायबिटीज में करें परहेज

डायबिटीज की समस्या में आपको पिस्ता के सेवन से परहेज रखना चाहिए। इसके ज्यादा सेवन से ब्लड शुगर बढ़ सकता है। जरूरी है कि आप आवश्यक मात्रा में ही इसका सेवन करें।

बेहतर स्वास्थ्य के लिए पिस्ता फायदेमंद माना जाता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप आवश्यक मात्रा में ही इसका सेवन करें। अगर आपको यह लेख पसंद आया हो, तो इसे शेयर करना न भूलें। 

इनपुट सोर्स : विनीता सिन्हा, एक्सपर्ट डायटिशियन, नई दिल्ली।