घुटनों के दर्द से परेशान हैं तो करें ये सिर्फ 3 एक्सरसाइज, जल्दी आराम मिलेगा

कई लोगों को सीढ़ियां चढ़ते-उतरते समय भी घुटनों में तकलीफ होती है। आप चाहें, तो कुछ एक्सरसाइज की मदद से घुटनों के दर्द से राहत पा सकते हैं...

घुटनों के दर्द से परेशान हैं तो करें ये सिर्फ 3 एक्सरसाइज, जल्दी आराम मिलेगा

हेल्थ डेस्क। घुटनों के दर्द की समस्या किसी को भी हो सकती है। हालांकि, एक समय तक यही माना जाता था कि घुटनों और ज्वाइंट्स में बढ़ती उम्र के लोगों को ही तकलीफ होती है। लेकिन, आजकल स्थिति बदल गई है। ऐसा खराब जीवनशैली की कारण भी हो सकता है। कई लोगों को सीढ़ियां चढ़ते-उतरते समय भी घुटनों में तकलीफ होती है। आप चाहें, तो कुछ एक्सरसाइज की मदद से घुटनों के दर्द से राहत पा सकते हैं। इस संबंध में हमने योगा आचार्य और फिटनेस ट्रेनर अंजली सिंह से बात की।

हामस्ट्रिंग स्ट्रेच 

सबसे पहले फर्श पर पीठ के बल लेट जाएं।

अब अपने बाएं पैर को आसमान की ओर उठाएं और दाएं पैर को फर्श पर टिकाए रखें। अगर बाया पैर उठाते वक्त दाया पैर मुड़े, तो मुड़ने दें।

कुछ देर तक इसी अवस्था में रहें। बाई जांघ में जब खिंचाव महसूस हो, तो दाएं पैर को नीचे कर लें।

लगभग 30 सेकंड तक एक ही अवस्था में रहने की कोशिश करें।

अब दूसरे पैर से यही प्रक्रिया को दोहराएं। इस एक्सरसाइज को करीब 15 से 20 बार करें।

फायदा

हामस्ट्रिंग स्ट्रेच की मदद से पैरों में लचीलापन बढ़ता है। इससे न सिर्फ घुटने की तकलीफें कम होती है, बल्कि लोअर बैक पेन में भी आराम मिलता है। इसके अलावा, नियमित रूप से इस एक्सरसाइज को करने से आपका पोस्चर भी बेहतर होता है।

हील एंड काफ स्ट्रेच 

दीवार से एक हाथ की दूरी पर खड़े हों।

अपने दाएं पैर को बाएं पैर के पीछे रखें।

अब हल्के से अपने बाएं पैर को आगे की ओर झुकाएं।

दाए घुटने को सीधा रखें और पैर फर्श को छूते हुए होने चाहिए।

15 से 30 सेकंड तक इसी अवस्था में खड़े रहें।

अब पैर बदल लें। इसी प्रक्रिया को 15 से 20 बार दोहराएं।

फायदा

इस एक्सरसाइज की मदद से घुटने के दर्द में आराम तो मिलेगा। इसके अलावा, यह इस एक्सरसाइज की मदद से पैरों फ्लेक्सिबिलिटी आएगी, मांसपेशियों में खिंचाव आएगा, पैरों के फंक्शन बेहतर होंगे। यही नहीं, हील एंड काफ स्ट्रेच की मदद से लंबे समय तक खड़े रहने और लंबे समय तक पैदल चलने की क्षमता भी बेहतर होगी।

हाफ स्क्वॉट्स 

सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं और पैरों को कूल्हे की चौड़ाई के बराबर खोल लें।

पेट के मसल्स को थोड़ा टाइट कर लें।

दोनों हाथों को सामने की ओर हवा में रखें।

अब घुटनों को मोड़ते हुए हल्का-सा नीचे की ओर झुकें। 

कुछ देर बाद, घुटनों को सीधा करते हुए वापिस ऊपर की ओर उठें।

इस तरह एक सेट पूरा होता है।

इसी प्रक्रिया को करीब 15 से 20 बार दोहराएं।

फायदा

हाफ स्क्वॉट की मदद से घुटनों और कूल्हे की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है, बॉडी में लचीलापन आता है और घुटने के दर्द से राहत दिलाने में भी इसकी अहम भूमिका होती है। यही नहीं, जो लोग इस एक्सरसाइज को रेगुलर करते हैं, उनके कूदने की क्षमता बेहतर होती है और यह लोअर बैक तथा कोर मसल्स को भी बेहतर बनाने का काम करता है।