Jitiya Vrat 2023: नहाय खाय से जीउतिया व्रत शुरू, आज गंगा तट और कुंडों पर महिलाएं करेंगी पूजा और सुनेंगी कथा

शहर से लेकर गांव तक महिलाओं ने सात्विक भोजन के बाद नहाय खाय से जीउतिया व्रत का श्रीगणेश कर दिया। व्रत वाले दिन शुक्रवार की सुबह जल्दी स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करके व्रत करने का संकल्प लेंगी...

Jitiya Vrat 2023: नहाय खाय से जीउतिया व्रत शुरू, आज गंगा तट और कुंडों पर महिलाएं करेंगी पूजा और सुनेंगी कथा

वाराणसी सिटी। नहाय खाय के साथ ही महिलाओं ने संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए जीउतिया व्रत की शुरुआत कर दी। शुक्रवार को व्रती महिलाएं निर्जला व्रत रखकर जीउतिया के अनुष्ठान को पूर्ण करेंगी। गंगा तट और शहर के सभी कुंडों पर महिलाएं एकजुट होकर जीउतिया की कथा सुनकर पूजन करेंगी। दिन भर खरीदारी का दौर चलता रहा।

गुरुवार को शहर से लेकर गांव तक महिलाओं ने सात्विक भोजन के बाद नहाय खाय से जीउतिया व्रत का श्रीगणेश कर दिया। व्रत वाले दिन शुक्रवार की सुबह जल्दी स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करके व्रत करने का संकल्प लेंगी। पूजा के लिए जीमूतवाहन भगवान की मूर्ति की स्थापना करके शहर के सभी कुंडों और गंगा के तट पर पूजन होगा। आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के लिए बाजार भी सजे थे और देर रात तक महिलाओं ने जीउतिया खरीदी। पूजन की सामग्री के साथ ही देर रात तक खरीदारी चलती रही। महिलाओं ने फल, फूल और जिउतिया के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी की। बाजार में सूप, दउरी, पूजन सामग्री आदि के दुकानों पर भी भीड़ रही। जीउतिया का व्रत आश्विन कृष्ण अष्टमी को रखा जाएगा। अष्टमी तिथि का आरंभ छह अक्तूबर को सुबह 6:34 मिनट पर होगा और सात अक्तूबर को सुबह 8:08 मिनट तक रहेगा। जीउतिया का व्रत छह अक्तूबर को रखा जाएगा और सात अक्तूबर को महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।