भाजपा मध्य प्रदेश चुनाव में अपनी संभावनाओं को लेकर चिंतित है : दिग्विजय

दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में तीन केंद्रीय मंत्रियों और कुछ सांसदों को मैदान में उतारने का भाजपा का कदम उसकी संभावनाओं को लेकर चिंता की भावना को दर्शाता है...

भाजपा मध्य प्रदेश चुनाव में अपनी संभावनाओं को लेकर चिंतित है : दिग्विजय

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में तीन केंद्रीय मंत्रियों और कुछ सांसदों को मैदान में उतारने का भाजपा का कदम उसकी संभावनाओं को लेकर चिंता की भावना को दर्शाता है। सिंह ने दावा किया कि राज्य के लोगों ने भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का फैसला कर लिया है, जो विधायकों को खरीदकर बनाई गई थी। उन्होंने कहा, लोग बहुत गुस्से में हैं और वे इस बार मध्य प्रदेश में बहुमत वाली कांग्रेस सरकार बनाने के लिए वोट करेंगे। सिंह कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में भाग लेने के लिए ओरछा में थे।

जब उनसे भाजपा द्वारा तीन केंद्रीय मंत्रियों और चार अन्य सांसदों को टिकट देने के बारे में पूछा गया, उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा आगामी चुनावों में (अपनी संभावनाओं को लेकर) डर महसूस कर रही है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पहले भोपाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण से उनके पद की गरिमा गिरी है। कांग्रेस की तुलना जंग लगे लोहे से करने संबंधी मोदी के बयान के बारे मे पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ कभी-कभी, उनके (प्रधानमंत्री) भाषण का स्तर इतना निम्न होता है कि इससे उनके (प्रधानमंत्री) पद से जुड़ी गरिमा और मर्यादा कम हो जाती है। क्या आपने कभी किसी अन्य प्रधानमंत्री से ऐसी बातें सुनी हैं?

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को भोपाल में अपने बयान में कांग्रेस की तुलना जंग लगे लोहे से की थी। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के बारे में उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के कारण लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं और मध्यम वर्ग, शिक्षित युवाओं, किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्ग परेशानी में हैं। सिंह ने कहा वे (भाजपा) किस कारण से (यात्रा के माध्यम से) लोगों का आशीर्वाद मांग रहे हैं? इसके बजाय, वे सजा के पात्र हैं। भाजपा शासन में कोई भी खुश नहीं है। सिंह के मुताबिक,भाजपा नेताओं की सार्वजनिक सभाओं के दौरान कुर्सियां खाली रहती हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस आगामी चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। मप्र में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी औपचारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।