आप कैमरा घुमाकर देखिए यहां बूथ लेवल के गांव-गिरांव के कार्यकर्ता खड़े हैं : अजय राय

चुनाव के मुद्दे पर अजय राय ने कहा कि प्रदेश में इस समय जो एक माहौल बनाया जा रहा है। उसे कांग्रेस खत्म करेगी। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और डर के माहौल को हम खत्म करेंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पैगाम को घर-घर तक पहुचाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्यार का पैगाम दिया है....

आप कैमरा घुमाकर देखिए यहां बूथ लेवल के गांव-गिरांव के कार्यकर्ता खड़े हैं : अजय राय

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के बाद अजय राय के प्रथम काशी आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत को देख अजय राय भी उत्साहित नजर आए। मीडिया से बात करते हुए अजय राय ने कहा कि आप कैमरा घुमाकर देखिए। यहां बूथ लेवल के गांव-गिरांव के कार्यकर्ता खड़े हैं। अब गांव गिरांव में कांग्रेस भाजपा को चुनाव हराएगी। जिसका असर पूरे देश और प्रदेश में देखने को मिलेगा। अजय राय ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की धरती से बिगुल बजा है। महादेव की धरती भारतीय जनता पार्टी को चुनाव हराएगी। चुनाव के मुद्दे पर अजय राय ने कहा कि प्रदेश में इस समय जो एक माहौल बनाया जा रहा है। उसे कांग्रेस खत्म करेगी। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और डर के माहौल को हम खत्म करेंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पैगाम को घर-घर तक पहुचाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्यार का पैगाम दिया है। खड़गे साहब ने और हमारी नेता प्रियंका गांधी का जो संदेश है, उसे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता घर घर पहुंचाएंगे।

अजय राय ने कहा कि भाजपा में क्या है, जो आप को गाली देता रहा। आप को मठ में भेजता रहा आप को गुजरात भेजता रहा। आज आप ने उसे अपने गठबंधन में ले लिया। उसे माला पहना रहे हैं और उसका स्वागत कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि वे आम कार्यकर्ता और साधारण व्यक्ति हैं। हम सबसे पहले गाजीपुर शहीदों को नमन करने जा रहे हैं। शहीदों और बलिदानियों की धरती जहां हमारे वीरों को 1942 में झंडा फहराने पर गोलियों से भून दिया गया था उन्हें नमन करने जा रहा हूं। प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने के सम्बंध में पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी जहां से कहेंगी उनका पूरा समर्थन हम करेंगे। उनके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जी-जान लगा देंगे।

राहुल गांधी इस बार अमेठी से चुनाव लड़ेंगे, तो कार्यकर्ता उन्हें अपना पूरा समर्थन देंगे। वहीं स्मृति ईरानी पर कहा कि वे बौखलाई हुई हैं। उन्होंने कहा था कि कमल का बटन दबाइए 13 रुपए किलो चीनी मिलेगी क्या वो दिलवा पाईं? अजय राय ने आगे कहा कि पहले हमने वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। अब यह लड़ाई चंदौली से लेकर गाज़ियाबाद तक चलेगी। इस बार यूपी समेत पूरे देश में कांग्रेस का परचम लहराएगा।