Varanasi : आपसी रंजिश में पूर्व छात्र नेता को मार दी गोली, ट्रामा सेंटर में एडमिट

Varanasi : आपसी रंजिश में पूर्व छात्र नेता को मार दी गोली, ट्रामा सेंटर में एडमिट

वाराणसी/रामनगर। रामनगर थाना क्षेत्र के कोदोपुर गंगा किनारे शुक्रवार शाम आपसी और पुरानी रंजिश में कटेसर निवासी पूर्व छात्र नेता जितेंद्र यादव को शुक्रवार की शाम गोली मार दी गई। गोली जितेंद्र की पीठ में लगी है। उसे बी एच यू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कटेसर चंदौली निवासी जितेंद्र यादव 26 वर्ष प्रतिदिन की तरह गाय भैस को चारा देने के बाद  शाम को साढ़े पांच बजे गंगा किनारे रेत पर अपने कुछ दोस्तों के साथ गप शप कर रहा था। इस बीच लगभग दस की संख्या में कुछ युवक मौके पर पहुँचे और जितेंद्र से बहस करने लगे।

इसी दौरान किसी ने उस पर गोली चला दी जो जितेंद्र की पीठ पर जा कर लगी। गोली मारने के बाद युवक भाग निकले। जितेंद्र के साथ के दोस्त घर वालों को सूचना देने के बाद उसे ट्रामा सेंटर ले कर भागे। जहां उसे गंभीर स्थिति में भर्ती किया गया। अपुष्ट सूचना के मुताबिक गोली जितेंद्र के पीठ के आर पार कर गई है। इधर देर शाम तक सीमा विवाद के चलते घटना स्थल का निर्धारण ही नही हो पाया था। खबर दिए जाने तक रामनगर थाना प्रभारी यही बताते रहे कि अभी किसी ने कोई तहरीर नही दी है और हम घटना स्थल के आस पास के लोगों से जानकारी हासिल कर रहे हैं। उधर घायल के चाचा विरेंद्र यादव के अनुसार रामनगर थाने में रामनगर के सिहाबीर निवासी दिलीप यादव और नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मौखिक सूचना दी गई है। जितेंद्र की छोटी बहन रुचि का कहना था कि जितेंद्र एम ए करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था। घर पर पशुओं को चारा पानी देने का काम करता है।

वैसे बताया जा रहा है कि कुछ दिनों रामनगर के सिहाबीर में बुलेट मोटर साइकिल जलाने की पुरानी घटना से उपजी रंजिश का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया। बहरहाल खबर दिए जाने तक रामनगर थाने में किसी के खिलाफ कोई तहरीर नही पड़ी थी। यह भी जानकारी मिली है कि जितेंद्र लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज मुगलसराय में छात्र संघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुका है।