मथुरा में में शराब और मांस की बिक्री पर लगेगी रोक: योगी  

मथुरा में में शराब और मांस की बिक्री पर लगेगी रोक: योगी   

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मथुरा में मांस और मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने की घोषणा करते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए कोई कोर कसर नही रखी जाएगी। योगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके आज यहां आयोजित कृष्णोत्सव में कहा कि यहां का भौतिक विकास हो पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी बचाए रखना है, क्योंकि यही देशवासियों की पहचान है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री ने आज देश को न केवल नई दिशा दी बल्कि सैकड़ों वर्षों से उपेक्षित पड़े आस्था के केन्द्र वापस आ रहे है। आजादी के बाद पहली बार राष्ट्रपति अयोध्या गए। इसी प्रकार आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री अयोध्या गए जहां पर राम मन्दिर की आधार शिला रखी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रति साम्प्रदायिकता झलकती थी। जो मंदिर जाने तक से डरते थे ,वहीं वर्तमान सरकार राम और कृष्ण के जन्म के स्थलों का उन्नयन कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले हिन्दुओं के त्योहारों पर बिजली, साफ सफाई , समय आदि की बन्दिशें लगती थी अब उसके विपरीत है। उनका कहना था कि आज आध्यात्मिकता को सुरक्षित रखते हुए विकास और तकनीक के नये युग के लिए तैयार करना है।

उन्होंने राधारानी की नगरी वृन्दावन की आध्यात्मिक शक्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे यहां के कण कण में भगवान बांके बिहारी का दर्शन करते हैं, यही कारण है कि जितने समय तक वृन्दावन मे वैष्णव कुंभ चला कुछ नहीं हुआ लेकिन कुंभ के बाद ही कोरोना की दूसरी लहर आ गई ,जिसमें बहुतों को खोया गया। उन्होंने उनके प्रति सदभावना भी व्यक्त की। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन से लेकर नगर निगम के गठन एवं यहां के सात पवित्र स्थानों को तीर्थस्थल घोषित करने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने यह दिखाया कि राज्य सरकार ब्रज के विकास को कितना समर्पित है। उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की भी प्रशंसा की और परिषद के गठन के लिए यहां के मंत्रियों, सांसद हेमामालिनी, मंत्रियों, महापौर आदि को साधुवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर कहीं भी मांस मदिरा की बिक्री न हो इसके लिए जिला प्रशासन से उन्होंने कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया और कहा कि जो लोग इन कार्यो में लगे हुए हैं उन्हें पुनर्वास के रूप दूध बेचने जैसे कार्यों में लगाया जा सकता है ,इससे एक बार फिर से मथुरा में दूध दही की नदियां बंहेगी। योगी ने इस मौके पर श्रीकृष्ण जन्मस्थल में पूजा भी अर्चना की। मंदिर में प्रवेश करते ही उन्होंने बांके बिहारी के चरणों में माथा टेका। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ उन्होंने ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना भी की।