न्यूट्रीशनिस्ट विनीता से जानें मखाने ज्यादा खाने से नुकसान क्या होता है और कितनी मात्रा खाना है सही

मखाने को सुपरफूड भी कहा जाता है, क्योंकि ये डायबिटीज़ और दिल की बीमारियों जैसी कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है। वैसे तो फिटनेस के लिए मखाना सही माना जाता है, लेकिन इसे ज्यादा खाने से कई तरह के साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं....

न्यूट्रीशनिस्ट  विनीता से जानें मखाने ज्यादा खाने से नुकसान क्या होता है और कितनी मात्रा खाना है सही

हेल्थ डेस्क। अगर आप हेल्दी डाइट फॉलो करती हैं तो आपको बड़े और फूले हुए मखाने जरूर खाना चाहिए। दरअसल, जो लोग अपनी सेहत को लेकर फिक्रमंद रहते हैं वो आमतौर पर इस देसी ड्राय फ्रूट को खाना पसंद करते हैं। वहीं बहुत से लोग इसे भूनकर खाते हैं तो कई लोग इसे फ्राई करके इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। हालकि मखाने की खीर बना कर खानें वालों की संख्या भी कम नहीं है। बता दें कि मखाने को कमल के बीज के रूप में भी जाना जाता है और ये वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों का फेवरेट स्नैक है।

मखाने को सुपरफूड भी कहा जाता है, क्योंकि ये डायबिटीज़ और दिल की बीमारियों जैसी कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है। वैसे तो फिटनेस के लिए मखाना सही माना जाता है, लेकिन इसे ज्यादा खाने से कई तरह के साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं। इस बारे में हमने दिल्ली की न्यूट्रीशनिस्ट विनीता सिन्हा से बात की और मखाने के साइड इफेक्ट्स के बारे में जाना, लेकिन पहले इसके फायदों के बारे में जान लेते हैं।

मखाना खाने के फायदे

मखाना एक ऐसा हेल्दी फूड है जो हमेशा अच्छी वजहों से सुर्खियों में रहा है। ये हमारे शरीर को कई तरह के फायदे देता है और इसे डेली डाइट में आसानी से शामिल किया जा सकता है। न्यूट्रीशनिस्ट विनीता कहती हैं, ‘मखाना कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होता है और हेल्दी लाइफस्टाइल को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसमें कैलोरी और कोलेस्ट्रॉल कम होता है और ये प्रोटीन, कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम के साथ-साथ फाइबर से भी भरपूर होता है।’

वो आगे कहती हैं कि मखाने के ये सभी गुण इसे उन लोगों के लिए परफेक्ट फूट बनाते हैं, जो वजन कम करने, ब्लड प्रेशर को नॉर्मल करने, कोलेस्ट्रॉल लेवल को सही बनाए रखने और डाइजेशन सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। भूख लगने पर जंक फूड के बजाय इसे खाना एक हेल्दी ऑप्शन है।

मखाने के साइड इफेक्ट्स

ये सच है कि कोई भी चीज़ हद से ज्यादा खाने से फायदे की जगह नुकसान हो सकता है। इसी तरह ज्यादा मखाने खाने से भी कई तरह के साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में।

कब्ज

मखाना वैसे तो एक हल्का फूड है, लेकिन इसे ज्यादा खाने से कब्ज हो सकता है। न्यूट्रीशनिस्ट विनीता कहती हैं ‘अगर आप अपने खाली वक्त में मखाने चबाते रहते हैं, तो ये कम कैलोरी और ज्यादा फाइबर देकर आपके पेट को भरा हुआ महसूस करा सकता है, जिससे कब्ज हो सकता है। फाइबर का ज्यादा सेवन आंतों से पानी खींच लेता है, जिससे ब्लॉटिंग हो सकती है।’

कैल्शियम का जमाव

कैल्शियम आपके शरीर के लिए अच्छा है, लेकिन आपके शरीर में इस पोषक तत्व का जमा होना सही नहीं है। न्यूट्रीशनिस्ट्स बताते हैं कि मखाना कैल्शियम का एक समृद्ध स्रोत है और इसे ज्यादा खाने से हड्डियों और शरीर के दूसरे हिस्सों में कैल्सीफिकेशन हो सकता है।

हाई ब्लड प्रेशर

न्यूट्रीशनिस्ट विनीता बताती हैं, ‘मखाना पोटैशियम से भी भरपूर होता है, जो गुर्दे की बीमारी वाले किसी भी व्यक्ति को अपने पैरामीटर्स बनाए रखने में मदद करता है। मखाने में सोडियम की मात्रा कम होती है, लेकिन पैक्ड मखाने में एक्स्ट्रा नमक होता है जो ब्लड प्रेशर लेवल को बढ़ा सकता है।’ हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन आगे चलकर दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है, इसीलिए आपको मखाने का सेवन कम मात्रा में ही करना चाहिए।

एलर्जी

किसी भी चीज़ को ज्यादा खाने से दिक्कत हो सकती है, उन्हीं में से एक है मखाना। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक,  बहुत ज्यादा मखाना खाने से कुछ लोगों में एलर्जिक रिएक्शन भी हो सकता है। इससे फ्लू, खांसी या दस्त जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

किसे नहीं खाना चाहिए मखाना

न्यूट्रीशनिस्ट विनीता ने प्रेगनेंट और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को मखाना खाने से बचने की चेतावनी दी है क्योंकि इससे मुश्किलें हो सकती हैं। वो कहती हैं, ‘उन्हें मखाना खाने से पहले किसी स्पेशलाइज़्ड डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि ऐसी हालत में हर महिला की जरूरतें एक-दूसरे से अलग होती हैं। इसके अलावा, मखाना शरीर में दवाओं के अवशोषण को रोक सकता है जिससे दूसरी तरह की दिक्कतें हो सकती हैं।’

कितना मखाना खाना सही है

न्यूट्रीशनिस्ट विनीता के मुताबिक, आप जो भी चीज़ें खाते हैं, उनमें संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी है। चाय या दूध के साथ मुट्ठी भर मखाना खाना अच्छा होता है। ये एक वक्त में तकरीबन 30-60 ग्राम होता है, जोकि आपकी सेहत को फायदा पहुंचाने में मदद करेगा और इससे किसी तरह की दिक्कतें भी नहीं होंगी।