आई फ्लू ठीक होने के बाद भी रखें इन बातों का ध्यान, पढ़ें डॉ. प्रसन्ना भारती की ये राय  

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसन्ना भारती कहती हैं कि, बरसात में फंगल इन्फेक्शन समेत हवा में प्रदूषण, वातावरण में नमी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसकी वजह से मरीजों को...

आई फ्लू ठीक होने के बाद भी रखें इन बातों का ध्यान, पढ़ें डॉ. प्रसन्ना भारती की ये राय  

हेल्थ डेस्क। बारिश के मौसम में आंखों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में फंगस इन्फेक्शन तेजी से फैलता है और इसकी वजह से आपकी आंखें भी इसकी चपेट में आ जाती हैं। इन दिनों आई फ्लू देश के कई राज्यों में तेजी से फैल रहा है। आई फ्लू या आंखों में इन्फेक्शन की समस्या को पिंक आई और कंजक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) भी कहा जाता है। यह बीमारी मुख्य रूप से इन्फेक्शन की वजह से होती है। इस बीमारी में मरीज को आंखों में दर्द, लालिमा और सूजन जैसी परेशानियां होती हैं। आई फ्लू की समस्या में कुछ लोग ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन करने लगते हैं। आमतौर पर आई फ्लू को ठीक होने में 4 से 5 दिन लगते हैं, लेकिन इसके बाद भी अगर लक्षण बने रहते हैं, तो आपको तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। आई फ्लू से ठीक होने के बाद कई बार लोग लापरवाही बरतने लगते हैं। ऐसा करने से आंखों को नुकसान पहुंचने का खतरा और बढ़ जाता है। आइये इस लेख में जानते हैं आई फ्लू से ठीक होने के बाद आंखों की देखभाल कैसे करें?

आई फ्लू ठीक होने के बाद बरतें ये सावधानियां

आमतौर पर आई फ्लू से ठीक होने में मरीज को 4 से 5 दिन लगते हैं। संक्रमण के तीन-चार दिन बाद मरीज के लक्षण भी कम होने लगते हैं। आई फ्लू से संक्रमित होने के बाद डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। इस बीमारी में ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन करना बहुत नुकसानदायक माना जाता है। आई फ्लू से ठीक होने के बाद कई मरीज कुछ गलतियां कर बैठते हैं, जिसकी वजह से उनकी आंखों को कई गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसन्ना भारती कहती हैं कि, बरसात में फंगल इन्फेक्शन समेत हवा में प्रदूषण, वातावरण में नमी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसकी वजह से मरीजों को आंख से जुड़ी परेशानियां होती हैं। आमतौर पर आई फ्लू या पिंक आई की समस्या 3 से 4 दिनों में ठीक हो जाती है। लेकिन सही समय पर इलाज न मिलने की वजह से यह परेशानी लंबे समय तक बनी रह सकती है। 

आई फ्लू ठीक होने के बाद मरीजों को इन सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए

संक्रमित व्यक्ति किसी और के संपर्क में भी आने से बचना चाहिए

आई फ्लू ठीक होने के बाद भी संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में न आएं 

आंखों में जलन और दर्द होने पर डॉक्टर की सलाह लें

ओवर द काउंटर दवाओं के सेवन से बचें

आई फ्लू से ठीक होने के बाद सूजन को नजरअंदाज न करें

आंख से पानी आने पर डॉक्टर को जरूर दिखाएं

आई फ्लू के लक्षण

आई फ्लू को कंजंक्टिवाइटिस या पिंक आई के नाम से भी जाना जाता है। आई फ्लू होने पर आंखों में ये लक्षण दिखाई देते हैं-

आंखों में कीचड़ ज्यादा आना

सुबह उठने पर आंखों का चिपकना

आंखों में सूजन

आंख दर्द की समस्या

आंख से पानी आना और खुजली

आंखों का लाल होना

आंखों में संक्रमण या आई फ्लू का खतरा बारिश के मौसम में ज्यादा रहता है। इस मौसम में हवा में फंगस इन्फेक्शन फैलाने वाले जीवाणु बढ़ जाते हैं। आई इन्फेक्शन आमतौर पर एक आंख से शुरू होता है और दूसरी आंख में फैल जाता है। इसके लक्षण दिखने पर आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।