प्रेग्नेंसी के दौरान हेल्दी रहने के लिए फॉलो करें ये आयुर्वेदिक डॉक्टर के टिप्स

प्रेग्नेंसी के दौरान, महिलाओं को अपना ज्यादा ख्याल रखने की जरूरत होती है। डाइट से लेकर रोजमर्रा की आदतों तक, प्रेग्नेंट महिला को आयुर्वेद के अनुसार कुछ खास टिप्स को फॉलो करना चाहिए....

प्रेग्नेंसी के दौरान हेल्दी रहने के लिए फॉलो करें ये आयुर्वेदिक डॉक्टर के  टिप्स

हेल्थ डेस्क। प्रेग्नेंसी किसी भी महिला की जिंदगी का एक सुनहरा पड़ाव होता है। इस समय महिलाओं के शरीर में कई शारीरिक बदलाव होते हैं, उन्हें इमोशनल सपोर्ट की भी बहुत जरूरत होती है। प्रेग्नेंट महिलाओं के स्वास्थ्य की सही देख-रेख मां और होने वाले बच्चे दोनों के लिए जरूरी होती है। अगर इस दौरान महिलाओं को सही देखभाल और खान-पान न मिले तो उसका असर उनके शरीर पर पड़ता है। इन दिनों में महिलाओं को क्या कुछ खाना चाहिए, किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इस बारे में आयुर्वेद में काफी कुछ बताया गया है। आयुर्वेद के अनुसार, प्रेग्नेंट महिलाओं को हेल्दी रहने के लिए किन टिप्स को फॉलो करना चाहिए, इस बारे में आयुर्वेदिक डॉक्टर पुष्कला जानकारी दे रही हैं।

डाइट में शामिल करें ये चीजें

आयुर्वेद के अनुसार, प्रेग्नेंट महिलाओं को अपनी डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल करना चाहिए। गाय का घी, दूध और दूध से बनी चीजों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं। ताजी सब्जियां, सीजनल फ्रूट, खजूर और बादाम जैसे नट्स खाएं। इन दिनों में हेल्दी डाइट होने वाली मां और बच्चे दोनों के लिए जरूरी है।

फिजिकल एक्टिविटी

प्रेग्नेंसी में फिजिकल एक्टिविटी और इमोशनल सपोर्ट दोनों ही जरूरी हैं। प्रेग्नेंसी के दौरान बेशक एक्टिव रहना चाहिए लेकिन इन दिनों में ज्यादा ट्रैवल और इंटेंस कार्डियो एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए। रोजाना वॉक करें और साथ ही हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें। किस तरह के योग और एक्सरसाइज को आप अपने रूटीन में शामिल कर सकती हैं, इस बारे में अपनी डॉक्टर से जरूर सलाह लें।

आयुर्वेदिक मसाज

प्रेग्नेंसी की आखिरी तिमाही में और डिलीवरी के बाद अभ्यंग यानी की आयुर्वेदिक मसाज की सलाह दी जाती है। किसी एक्सपर्ट से हफ्ते में कम से कम एक बार आयुर्वेदिक मसाज जरूर करवानी चाहिए।

शरीर के संकेतों को पहचानें

प्रेग्नेंसी में कई बार कुछ चीजें खाकर अच्छा महसूस होता है तो वहीं कुछ चीजों की गंध से ही दूर होने मन करता है। आप अपनी क्रेविंग्स (प्रेग्नेंसी क्रेविंग्स) को समझें, जिन चीजों को खाने से आपको अच्छा महसूस हो रहा है, उन्हें जरूर खाएं।

इस बात का रखें खास ख्याल

अक्सर हम यूरिन, डकार, छींक या जम्हाई को रोक लेते हैं। कई बार पब्लिक प्लेस में होने पर, कभी कुछ और कारण से, हम इन चीजों को कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं लेकिन प्रेग्नेंट महिलाओं को ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इससे शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है।