akanksha dubey suicide case : समर सिंह को गाज़ियाबाद से गिरफ्तार कर वाराणसी ले आ रही है पुलिस

akanksha dubey suicide case : समर सिंह को गाज़ियाबाद से गिरफ्तार कर वाराणसी ले आ रही है पुलिस

वाराणसी सिटी। भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपी सिंगर समर सिंह को गाज़ियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। समर गाज़ियाबाद में अपने किसी परिचित के यहां छिपकर बैठा हुआ था। वाराणसी पुलिस ने गाज़ियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया है। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने समर पर बेटी को रिलेशनशिप में धोखा देने का आरोप लगाया था। आकांक्षा ने 26 मार्च को वाराणसी के एक होटल में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। आरोपी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हुआ था। वहीं उसके खिलाफ कुर्की की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने आशंका जताई थी कि दोनों आरोपी विदेश भाग सकते हैं। हालांकि अभी तक संजय सिंह गिरफ्तार नहीं हो सका ह, वह अभी फरार है। गिरफ़्तारी के बाद वाराणसी पुलिस ने समर को गाज़ियाबाद की सीजेएम कोर्ट में पेश किया। इसी के साथ वाराणसी पुलिस ने हाथों हाथ ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल कर दी। कोर्ट ने रिमांड को मंजूरी दे दी है। वाराणसी पुलिस समर को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वाराणसी के लिए निकली है।

4 दिन पहले ही आया था गाज़ियाबाद

अपर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने बताया कि समर सिंह को राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स क्रिस्टल सोसाइटी से पकड़ा गया है। इससे पहले वह नोएडा में रहता था। 4 दिन पहले वह गाज़ियाबाद आया था। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड में लेकर वाराणसी के लिए निकल चुकी है। जिसके बाद इस केस से जुड़ी जानकारियां सामने आएंगी। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का ही केस है, जैसा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है। विसरा रिपोर्ट अन्य जानकारियों के लिए सुरक्षित रखा गया है। गाज़ियाबाद पुलिस के DCP निपुण अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को वाराणसी पुलिस आकांक्षा दुबे केस में मदद मांगने यहां आई थी। जिसके बाद समर सिंह को गाज़ियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित गांव मोरटा के नजदीक एक सोसाइटी से गिरफ्तार किया गया है। फ़िलहाल समर सिंह को पुलिस वाराणसी लेकर आ रही है। DCP निपुण अग्रवाल ने बताया कि गाज़ियाबाद में कुल 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें 2 लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। मीडियाकर्मियों ने कई बार समर से पूछा – आकांक्षा दुबे से क्या रिश्ता है? समर ने इसका एक बार भी जवाब नहीं दिया। पुलिस समर को धक्कामुक्की के बीच नंदग्राम थाने से निकालकर कोर्ट ले गई।

विडियो वायरल करने की धमकी

बता दें कि एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल में फांसी लगाकर जान दे दी थी। आकांक्षा की माँ मधु दुबे के वकील शशांक शेखर त्रिपाठी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में विवेचना के पर्यवेक्षण की निगरानी करने की गुहार लगाई है। मधु दुबे की ओर से आकांक्षा और समर सिंह के रिश्तों की जानकारी दी गई। बताया कि आरोपी 3 साल से लिव-इन-रिलेशनशिप में था। इस दौरान उसने आकांक्षा के कई फोटो और विडियो रिकॉर्ड कर लिए, जिसे वायरल करने की धमकी देता था। अभिनेत्री को दूसरों के साथ काम करने पर मारता-पिटता भी था।  मधु दुबे ने कोर्ट से मुकदमा की केस डायरी, विवेचक और साक्ष्य तलब कर कोर्ट की निगरानी में पर्यवेक्षण की अपील की। सीजेएम ने याचिका पर पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।

समर ने भी खटखटाया कोर्ट का दरवाजा

इधर, आरोपी समर सिंह और संजय सिंह ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उसके वकील राजेश प्रताप सिंह ने हाईकोर्ट की ऑनलाइन वेबसाइट पर पांच अप्रैल को याचिका का रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसे 6 अप्रैल को स्वीकार किया गया। हालांकि, इस रिट पर गुरुवार को किसी तरह की सुनवाई या कार्रवाई नहीं हो सकी। न्यायालय के शेड्यूल में संभावित जजों के नाम जारी किए गए हैं। इसमें वरिष्ठ जज अंजनी कुमार मिश्रा और जज नंद प्रभा शुक्ला की खंडपीठ सुनवाई करेगी। हालांकि, अभी सुनवाई के लिए तारीख निर्धारित नहीं हो सकी। समर सिंह के वकील ने कोर्ट के समक्ष कुछ साक्ष्य पेश करने का दावा किया है। वकील ने बताया कि समर सिंह को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उसके खिलाफ गलत तथ्यों में FIR हुई है। अभिनेत्री के परिजन बेबुनियाद आरोपों के साथ समर की छवि धूमिल कर रहे हैं। उनका करियर तबाह हो रहा है। कोर्ट मामले का संज्ञान लेकर केस में राहत दे।