New Year Special: नौकरीपेशा और व्यवसाइयों के लिए संभावनाओं से भरा है साल 2022 , पढ़िए भविष्यफल

इस राशि वाले जातकों  का इस साल भाग्योदय होना निश्चित है। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों को इस साल सफलता मिलने की संभावना है। रोजगार खोजने वाले जातकों को नौकरी मिलेगी। आय में.....

New Year Special: नौकरीपेशा और व्यवसाइयों के लिए संभावनाओं से भरा है साल 2022 , पढ़िए भविष्यफल

फीचर्स डेस्क। बीत गयी सो बात गयी ,इसे ही जीने का जुमला माना गया है। पर आने वाला कल कैसा होगा ये हर कोई जानना चाहता है। फाइनेंसियल प्रोग्रेस हम सभी की लाइफ में बहुत मायने रखती है। पिछले दो साल वैसे भी पेंडेमिक के चलते अच्छे नहीं रहे , कई लोगो को जॉब्स से हाथ धोना पड़ा तो कई लोगो को ड्यू प्रमोशन और सैलरी हाइक नहीं मिला। ऐसे में आने वाले साल से सभी को बहुत उमीदें हैं। ऐसे में हमने ज्योतिषाचार्य मुकुल आनंद से जानने की कोशिश की सितारों की चाल के हिसाब से आने वाला साल नौकरी-पेशा और व्यापार करने वालों के लिए क्या संभावनाएं ले कर आ रहा है , आइये जानते हैं

 मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए 2022 की शुरुवात एक बड़े लाभ के साथ होगी। आपको धन की प्राप्ति तो होगी ही साथ में कई महत्वपूर्ण काम भी जनवरी माह से होने शुरू हो जाएंगे। इस साल प्रमोशन, वेतन वृद्धि और कार्य क्षेत्र में उच्च पद मिलने के प्रबल योग हैं। अप्रैल मंथ में कार्यक्षेत्र में परिवर्तन की संभावना बन रही है। व्यापारी भी नई ऊंचाइयों को छू सकेंगे। आप नया व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं। पार्टनरशिप में भी काम शुरू कर सकते हैं। जो फिल्म जगत, कला, संगीत या आयात निर्यात से जुड़े हैं उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। यदि आप राजनीति से संबंध रखते हैं तो उसमे भी सफलता मिलेगी। साल का अंत आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। यदि आप विदेश में काम  करते हैं तो साल आपके लिए शुभ रहेगा। यदि आप विदेश जाने के इच्छुक हैं तो साल के अंत तक इसके संयोग दिख रहे हैं।

वृषभ राशि

इस राशि वाले जातकों  का इस साल भाग्योदय होना निश्चित है। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों को इस साल सफलता मिलने की संभावना है। रोजगार खोजने वाले जातकों को नौकरी मिलेगी। आय में अच्छी खासी वृद्धि हो सकती है। व्यापार के क्षेत्र में सफलता मिलेगी। गुप्त स्रोतों से आपको लाभ मिल सकता है। सितंबर  के माह में आपके आय के भाव में कई ग्रहों जैसे सूर्य, शुक्र और गुरु का प्रभाव देखने को मिलेगा। अप्रैल से दिसंबर तक व्यवसाय के लिए समय शुभ रहेगा। नौकरी में लाभ प्राप्त करने के कई अच्छे मौके मिलेंगे। कार्यस्थल पर आपके काम की वाहवाही होगी।

मिथुन राशि

करियर के लिहाज से साल 2022 आपके लिए शानदार साबित होगा। आप अपने जीवन को बेहतर बनाने में लगे रहेंगे। इस साल आप अपने कार्य के प्रति काफी एकाग्रचित रहेंगे। जनवरी से मई तक नौकरी के लिहाज से समय बहुत बढ़िया है। आपको अपने सहकर्मियों से भी सहायता मिलेगी। वर्ष के मध्य में थोड़ा  सचेत रहने की जरूरत है।गुरु आपके भाग्य भाव को प्रभावित करेंगे। इस समय आप काम के बोझ को लेकर थोड़ा परेशान हो सकते हैं। जो लोग नौकरी बदलने की सोच रहे थे उन्हें इच्छानुसार शुभ फलों की प्राप्ति होगी। करियर में लाभ मिलेगा। मई के मध्य से अगस्त मध्य  तक मंगल करियर के दशम भाव व कर्म व लाभ के एकादश भाव में गोचर करेंगे। इस गोचर से उन लोगों को फायदा होने वाला है जो नयी नौकरी की तलाश में हैं। हालांकि इस साल  शत्रु आपको थोड़ा परेशान करेंगे। व्यवसाय के क्षेत्र से जुड़े जातक इस वर्ष बड़े लाभ की उम्मीद कर सकते हैं। यदि आप कोई नया काम शुरू करना चाहते हैं तो वर्ष के दूसरे भाग में इसके लिए प्रयास करें। साल का अंतिम महीना भी नौकरी के हिसाब से काफी अच्छा रहने वाला है।

कर्क राशि

इस साल आपको नौकरी अच्छी मिलने के संयोग बन रहे हैं । आप कोई नया कार्य भी कर सकते हैं। नौकरी में पदोन्नति की संभावना है। वो लोग जिन्हे ज्यादा मेहनत  पर कम लाभ की शिकायत रहती थी उन्हें इस साल उनके मेहनत के अनुरूप लाभ मिलेगा। व्यवसाय की दृष्टि से वर्ष के शुरुआत में थोड़ी दिक्कतें आ सकती हैं। लेकिन साल के उत्तरार्ध में आपको व्यवसाय में सफलता प्राप्त हो सकती है। अप्रैल के अंत में शनि आपके आठवें भाव यानी आयु भाव में गोचर कर रहा है।  जिससे आपको शुभ फल मिलने वाला है। कर्म क्षेत्र में ट्रांसफर के भी आसार दिख रहे हैं। साल के अंतिम कुछ महीनो में आपका भाग्य प्रबल रहने की संभावना है। आप नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। अप्रैल से सितंबर तक समय बहुत अनुकूल रहने वाला है। इस अवधि में आपको मेहनत से ज्यादा फल मिल सकता है।

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए वर्ष 2022 पद प्रतिष्ठा धन एवं खुशियों की सौगात लेकर आएगा। आपको मां लक्ष्मी का पूरा आशीर्वाद रहेगा। शनि की कृपा के कारण आपको अपनी मेहनत का पूर्ण फल प्राप्त  होगा। इस साल आप अपनी कई महत्वाकांक्षाओं को पूरा कर पाएंगे। 2022 इनके लिए नयी नौकरी की सौगात लेकर आएगा। प्रमोशन की भी संभावना है। 2 जनवरी के बाद व्यवसाय करने वालों का भाग्य के सहयोग से व्यापार में उन्नति होगी। काम-कारोबार में बड़ी सफलता मिलेगी। ये वर्ष आपके लिए काफी यादगार रहेगा। शुक्र, सूर्य एवं मंगल की स्थिति अच्छी रहेगी। जिससे नौकरी, व्यवसाय  में सफलता मिलेगी। साल 2022 में नौकरी में पुरानी समस्या जो होगी, वो ख़त्म होगी। नौकरी के लिए 2-3 जगह से ऑफर आ सकते  हैं। खासतौर पर जनवरी से मई तक नयी  नौकरी के लिए अप्लाई कर सकते हैं। आई टी से जुड़े कर्मचारियों को प्रमोशन एवं इन्क्रीमेंट मिलने का प्रबल योग बन रहे हैं। मार्च, अप्रैल में आपकी आय में अचानक लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस समय आपको अपने कार्य क्षेत्र के अलावा कई दूसरी जगह से भी आय प्राप्त हो सकती है। आपको गुप्त धन भी मिल सकता है । व्यापारियों के लिए शुरू के तीन महीने में काम सही नहीं चलेगा बाद में बहुत अच्छा समय रहेगा।

कन्या राशि

साल 2022 कन्या राशि के लिए बेहद लाभदायक रहने वाला है। जिसकी शुरुआत जनवरी माह से हो जाएगी। पूरे साल शनि आप पर मेहरबान रहेंगे। जनवरी, फरवरी, मार्च करियर के लिहाज से अच्छा  रहने वाला है। इस समय आप पर कुछ बड़ी जिम्मेवारियां भी डाली जा सकती हैं। कार्य में बदलाव व स्थानांतरण भी हो सकता है। जिस कार्य को लेकर आप पहले से मेहनत कर रहे होंगे उसका पूर्ण फल प्राप्त होगा। जो जातक अपना व्यवसाय कर रहे हैं उन्हें अप्रत्याशित धन लाभ होगा।

तुला राशि

आप साल के पहले कुछ महीनों के दौरान पदोन्नति की उम्मीद कर सकते हैं। मार्च से दिसंबर तक पदोन्नति हो सकती है। मार्च के बाद नौकरी के लिए समय बहुत अच्छा है। जब शनि और गुरु का राशि परिवर्तन होगा। विदेश यात्रा का योग बन रहा है। नौकरी में कुछ अच्छा फल मिल सकता है। व्यापारिक रूप से यह वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा काफी बेहतर रहेगा। ऑटो इंडस्ट्री, सिनेमा से जुड़े व्यक्ति के लिए उत्तम वर्ष है।

वृश्चिक राशि

इस राशि के लोगों के लिए आने वाला समय मिले-जुले असर लेकर आएगी। इस साल आपको नई नौकरी मिलने के साथ पदोन्नति के संयोग भी दिख रहे हैं। आपको अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आपको कठिन परिश्रम भी करने पड़ सकते हैं। कुल मिलाकर इस राशि के लोगों को नौकरी के लिए थोड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन कोई समस्या नहीं आएगी।

धनु राशि

साल के शुरुआत में मंगल ग्रह का आपकी ही राशि में विराजमान होना आपको उन्नति और प्रगति देगा। आपको  हर कार्य में सफल बनाएगा। कार्यस्थल पर लोग आपकी जमकर तारीफ करेंगे।अप्रैल से सितम्बर तक शनि का कुम्भ राशि में गोचर से जातकों को खास कर नौकरी पेशे वालों को अच्छे फल प्रदान करेगा। इन जातकों की पदोन्नति या वेतन भी बढ़ सकता है। आपके लिए विदेश यात्रा का भी योग है।

मकर राशि

इस राशि के लोगों के लिए नौकरी में तरक्की होने की संभावना है। आपका काम और कारोबार अच्छा चलेगा। अप्रैल से शनि का प्रभाव कम हो जायेगा  इससे उच्च पद की प्राप्ति होगी। यदि आप राजनीति से जुड़े हैं तो वहां पर भी अचानक से उच्च पद प्राप्त करेंगे। चतुर्थ भाव का राहु विदेश यात्रा का योग बना रहा है। घर से दूर रहकर आप काम करेंगे। वहां पर भी आप कामयाबी हासिल करेंगे।

कुंभ राशि

इस साल  व्यापारी थोड़ा सतर्क रहें। हालांकि साल का अंत आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। यदि आप विदेश में काम  करते हैं तो साल 2022 आपके लिए शुभ रहेगा। यदि आप विदेश जाने के इच्छुक हैं तो साल के अंत तक इसके आसार दिख रहे हैं। नौकरी वालों के लिए ये साल मिला-जुला रहेगा। 

मीन राशि

इस वर्ष जातक नौकरी और व्यावसायिक जीवन में तरक्की कर सकते हैं। जो लोग नौकरी की तलाश में हैं,उन्हें इस वर्ष नई नौकरी मिल सकती है। नौकरी में यह भी संभावना है कि साल 2022 में आपका स्थानांतरण हो। सूर्य की स्थिति अच्छी रहेगी। जिसके कारण नौकरी में पद प्रतिष्ठा,सम्मान, उच्च अधिकारियों से भी काफी सहायता मिलेगी। कंपनी से आपको वाहन, मकान या कई तरह की सुख -सुविधा भी मिल सकती है। मध्य अक्टूबर से मध्य नवंबर के बीच की अवधि, मंगल देव का पूर्ण रूप से आपके कार्यक्षेत्र को दृष्टि करना, आपको प्रमोशन के साथ-साथ जीवन में उन्नति और तरक्की देने का कार्य करेगा।