राशिफल 2023 : तुला राशि के जातकों को वर्ष की शुरुआत में आत्ममंथन की आवश्यकता, हो सकती हैं शारीरिक समस्याएं  

राशिफल 2023 : तुला राशि के जातकों को वर्ष की शुरुआत में आत्ममंथन की आवश्यकता, हो सकती हैं शारीरिक समस्याएं   

फीचर्स डेस्क। इस वर्ष तुला राशि के जातकों के लिए योगकारक ग्रह श्री शनिदेव जी महाराज आपके चतुर्थ भाव में वर्ष की शुरुआत में विराजमान रहेंगे। लेकिन 17 जनवरी 2023 को आपके पंचम भाव में प्रवेश करेंगे, और यहां से आपके जीवन में बड़े बदलाव लेकर आने में आपकी मदद करेंगे। इसके साथ ही जब शनि का गोचर जनवरी में हो जाएगा तो आपकी ढैया भी समाप्त हो जाएगी। देव गुरु बृहस्पति महाराज वर्ष की शुरुआत में आप के छठे भाव में मीन राशि में विराजमान रहेंगे। यह समय आपके जीवन में थोड़ी परेशानियां लेकर आ रहा होगा. क्योंकि इस वजह से आपको शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं। खर्चों में बढ़ोतरी होने के भी योग बनेंगे और कुछ समस्याएं आएंगी। आप सही निर्णय लेने में थोड़ी परेशानी महसूस करेंगे, लेकिन 22 अप्रैल 2023 को देव गुरु बृहस्पति आपके सप्तम भाव में प्रवेश कर जाएंगे। यहां गुरु का गोचर आपको जीवन में अनेक प्रकार की सफलताएं प्रदान करेगा। आप के मान सम्मान में तो बढ़ोतरी होगी ही, व्यापार में भी उन्नति होने के योग बनेंगे।

 जीवनसाथी से अनबन होने में भी अब कमी आएगी और आप अच्छे निर्णय लेकर अपने जीवन में तरक्की प्राप्त कर पाएंगे। जो कुछ गुरुजनों या पिता समान लोगों से कहासुनी या मतभेद चल रहे थे, वह भी दूर हो जाएंगे और स्वास्थ्य समस्याओं में भी कमी आएगी। बृहस्पति महाराज राहु के साथ युति करेंगे और मई में गुरु - चांडाल दोष का प्रभाव सप्तम भाव पर रहेंगे।जो व्यापार और दांपत्य जीवन में थोड़ा तनाव दे सकते हैं लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे स्थितियां बदलेंगी।

30 अक्टूबर 2023 को राहु का गोचर मीन राशि में आपकी छठे भाव में होगा। यह गोचर आपके लिए बहुत अनुकूल होगा। इस गोचर के दौरान आपको अपने विरोधियों पर विजय मिलेगी। वे चाहकर भी आपका कुछ बिगाड़ नहीं पाएंगे। आप के शत्रुओं का दमन होगा। कोर्ट और कचहरी में यदि कोई केस चल रहा है, तो उसमें आपको विजय मिलेगी। इसके साथ ही एक खास बात और कि इस गोचर काल में आपके विदेश यात्रा की योग भी बनेंगे।

तुला राशि के जातकों के जीवन का वर्ष 2023 एक ऐसा साल साबित होगा कि, जब आप अपनी चुनौतियों से ग्रसित होकर थोड़ा परेशान महसूस कर रहे होंगे। शारीरिक समस्याएं भी रही होंगी। मानसिक तनाव भी रहेगा लेकिन इन सब चुनौतियों को दरकिनार करते हुए वर्ष के मध्य से आप अपनी तरक्की की राह पर आगे बढ़ेंगे और जीवन में अनेक तरीके के महत्वपूर्ण बदलाव महसूस करेंगे।

आपको अपनी चुनौतियों में विजय मिलेगी। चाहे वह आपके स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं हों या आपके विरुद्ध कोई मुकदमा चल रहा हो, सभी जगह पर आपकी विजय होगी। आपकी आमदनी में बढ़ोतरी के स्पष्ट संकेत मिलेंगे। एक से ज्यादा आमदनी के साधन और पक्का साधन आपको प्राप्त हो सकता है। इस वर्ष विदेश यात्रा के भी योग बनेंगे। नौकरी में वर्ष की शुरुआत में ही बदलाव आ सकता है। इस प्रकार जीवन में अनेक प्रकार की संभावनाएं वर्ष 2023 में आपको प्राप्त होंगी और ग्रहों का राशि गोचर आपको अनेक प्रकार के परिणाम प्रदान करेगा।

जनवरी का महीना आर्थिक रूप से अच्छा रहेगा। थोड़े बहुत उतार-चढ़ाव तो रहेंगे लेकिन आपको अपने काम में सफलता मिलेगी। आमदनी में बढ़ोतरी के संकेत मिलेंगे। नौकरी में बदलाव भी संभव है। पारिवारिक जीवन में खुशियां रहेंगी। घरवालों का बर्ताव आपको खुशी देगा। आपके आसपास का माहौल बड़ा रोमांटिक रहेगा। प्रेम संबंधों में भी खुशी भरे पलों की प्राप्ति होगी।

फरवरी का महीना उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। सेहत में गिरावट आ सकती है। अच्छे खान-पान पर ध्यान ना देने के कारण स्वास्थ्य समस्याएं परेशानी का कारण बन सकती हैं। यदि ध्यान नहीं दिया तो मधुमेह की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। खर्चों में बढ़ोतरी होगी, विदेश यात्रा के योग बनेंगे।

मार्च के महीने में दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ेगा। आपसी आकर्षण और रोमांस के योग बनेंगे। व्यापार में उत्तम लाभ के योग बनेंगे। आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा। खर्चों में कमी आएगी और आमदनी स्थिर होने लगेगी।

अप्रैल का महीना बहुत ज्यादा खर्च कराएगा। गुप्त रूप से आप अपने सुखों की प्राप्ति के लिए खर्च करते हुए नजर आएंगे। लेकिन इसके साथ ही उत्तम धन लाभ के योग भी बनेंगे। अचानक से धन प्राप्ति हो सकती है, किसी तरह की पैतृक संपत्ति या विरासत मिलने की भी संभावना रहेगी। वाहन से संबंधित परेशानी हो सकती हैं।

मई के महीने में अचानक से भाग्य आपका साथ देता हुआ नजर आएगा। जो काम लंबे समय से अटके हुए थे, वे पूरे होने लगेंगे। इससे आपका आत्मविश्वास लौट आएगा, पूरे मनोबल के साथ आप काम करेंगे। नौकरी में ट्रांसफर के योग बनेंगे और आप लंबी ट्रैवलिंग करेंगे। कुछ खूबसूरत जगहों पर घूमने जा सकते हैं और परिवार के साथ टाइम बिताने का मौका मिलेगा। प्रेम संबंध भी मजबूत होंगे।

जून के महीने में करियर में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी। अचानक से आपको कुछ ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है जिनके बारे में अपने विचार ना किया हो। लेकिन आप उन चुनौतियों से निकल जाएंगे, पारिवारिक माहौल शांतिपूर्ण रहेगा। घर परिवार की सुख शांति में बढ़ोतरी होगी। घर में कोई नया वाहन आ सकता है।

जुलाई का महीना आपके लिए बहुत बढ़िया महीना साबित होगा। इस महीने में उत्तम आर्थिक लाभ के योग बनेंगे। आप जहां भी हाथ डालेंगे, वहीं से आपके हाथ में धन आने के योग बनेंगे। यह समय आपकी इच्छाओं की पूर्ति का समय भी होगा। आप जो चाहेंगे, वह कर पाएंगे। आप के प्रेम संबंध में उत्तम रोमांस होगा और आपका रिश्ता परिपक्व होगा।

अगस्त का महीना आमदनी में कुछ गिरावट लेकर आ सकता है। आपको अपने काम में बहुत ज्यादा बारीकी से और ध्यान देकर काम करने की जरूरत पड़ेगी। यदि नौकरी करते हैं तो इस दौरान अपने काम पर पूरा ध्यान रखें क्योंकि काम में एक गड़बड़ी भी आपके लिए मुसीबत का कारण बन सकती है। यह समय थोड़ी परेशानी लेकर आ सकता है। घर के किसी सदस्य की स्वास्थ्य समस्याएं भी आपकी चिंता का कारण बन सकती हैं।

सितंबर के महीने में आपको कुछ यात्रा करने का मौका मिलेगा। घर परिवार में चल रही जिम्मेदारियों को निभाने पर आपका ज्यादा फोकस रहेगा और यह बहुत आवश्यक भी होगा क्योंकि घर परिवार को आपकी जरूरत पड़ेगी। आवश्यक घरेलू खर्च भी होंगे और कार्यक्षेत्र में मेहनत और काम का दबाव रह सकता है।

अक्टूबर का महीना फिर एक बार आपके चेहरे पर मुस्कुराहट लौटाने वाला साबित होगा। आपकी आमदनी अच्छी बढ़ेगी। आप दिनों दिन तरक्की करेंगे और इच्छाओं की पूर्ति होगी। इसी के साथ आपका आत्मविश्वास लौटेगा और प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। एक दूसरे के साथ अच्छा वक्त बिताने का मौका मिलेगा। शादी से संबंधित कोई शुभ सूचना मिल सकती है। पढ़ाई में सफलता मिलेगी। विद्यार्थियों का नाम रोशन होगा और विवाहित लोगों को संतान का सुख मिल सकता है।

नवंबर के महीने में आप यदि अपने खर्चों पर नियंत्रण नहीं रख पाए तो आर्थिक स्थिति में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। आपके खर्च अचानक से बढ़ेंगे। आप जीवन का उत्तम आनंद लेंगे और भौतिक सुखों की प्राप्ति के लिए दोनों हाथों से पैसा खर्च करेंगे। यहां आपको अपने धन खर्च पर ध्यान देना होगा। उसे नियंत्रण में रखना होगा। विदेश यात्रा के योग भी बन सकते हैं। स्वास्थ्य में गिरावट आ सकती है।

दिसंबर का महीना आपके लिए एक अच्छा महीना साबित हो सकता है। इस दौरान स्वास्थ्य में सुधार होगा। रुके हुए कामों में तेजी आएगी। दांपत्य जीवन में खुशियां बढ़ेंगी। एक दूसरे के प्रति समर्पण की भावना, आकर्षण और रोमांस का योग बनेगा। इस दौरान आपका मन खुश रहेगा। आप अपने आसपास के लोगों को खुशी देना चाहेंगे और आपका व्यापार भी उन्नति करेगा।

तुला प्रेम राशिफल

तुला प्रेम राशिफल 2023 के अनुसार, वर्ष 2023 में तुला राशि के लोग प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव की स्थिति रहेगी लेकिन आपके प्यार की परीक्षा भी होगी। वर्ष की शुरुआत में शनि और शुक्र आप के चौथे भाव में होंगे लेकिन 17 जनवरी को शनि आपके पंचम भाव में प्रवेश करेंगे और शुक्र भी 22 जनवरी को पंचम भाव में आ जाएंगे। इस दौरान आपके रिश्ते में प्रेम और रोमांस बढ़ेगा। इसके बाद शुक्र का गोचर अन्य राशियों में होता हुआ आपको अच्छे और बुरे प्रभाव प्रदान करेगा। लेकिन शनि के पंचम भाव में बने रहने से आपको अपने रिश्ते में वफादारी रखनी होगी, नहीं तो आपका रिश्ता बहुत बुरी स्थिति में आ सकता है।

22 अप्रैल को बृहस्पति के सप्तम भाव में जाने से आपके प्रेम विवाह के योग भी बन सकते हैं। यह वर्ष आपका विवाह करा सकता है। तुला राशिफल 2023 (Tula Rashifal 2023) के अनुसार जनवरी-फरवरी, अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर तथा दिसंबर के महीने प्रेम संबंधों में मजबूती लेकर आएंगे। एक दूसरे के प्रति प्रेम बढ़ेगा। आपका प्यार परवान चढ़ेगा और आपका रिश्ता खुशियों से महक उठेगा।

तुला करियर राशिफल

इस वर्ष तुला राशि के जातकों को वर्ष की शुरुआत में आत्ममंथन की आवश्यकता पड़ेगी। आपको यह समझना होगा कि आप किन-किन क्षेत्रों में कमजोर महसूस कर रहे हैं, उन क्षेत्रों को अच्छा बनाने की कोशिश करेंगे। कुछ नए स्किल भी सीख सकते हैं। करियर में शुरुआत में ही कोई बदलाव आ सकता है, और जैसे ही शनि महाराज राशि परिवर्तन करके पंचम भाव में जाएंगे, यह आपके नौकरी में बदलाव लेकर आ सकते हैं।

तुला शिक्षा राशिफल

इस वर्ष तुला राशि के विद्यार्थियों के लिए बहुत मेहनत से भरा समय रहने वाला है। शनि महाराज आप की कड़ी परीक्षा लेंगे और आप को कड़ी चुनौती भी देंगे। यदि आप अपनी तरफ से आलस का पीछा नहीं छोड़ेंगे। आपको पढ़ाई में पिछड़ने से कोई भी नहीं रोक पाएगा। शनिदेव यह शिक्षा देते हैं कि आपको अनुशासित होकर एक अच्छा टाइम टेबल बनाना चाहिए। उसका पालन करते हुए अपनी पढ़ाई पर फोकस करते रहना चाहिए। आपकी एकाग्रता बार-बार भंग होगी क्योंकि आप का मन पढ़ाई में कम लगेगा।

तुला संतान राशिफल 

आपकी संतान के लिए यह वर्ष कुछ चुनौतियां प्रस्तुत करेगा। शनि महाराज की पंचम भाव में उपस्थिति आपकी संतान से लगातार मेहनत कराएगी। उनके ऊपर उनकी पढ़ाई का और यदि में जॉब करते हैं या बिजनेस करते हैं तो उनके काम का काफी प्रेशर रहेगा। लेकिन यही काम का प्रेशर व यही पढ़ाई का प्रेशर उन्हें अपने क्षेत्र में सफलता दिलाएगा क्योंकि उनकी मेहनत उन पर मेहरबान होगी। वह एक अनुशासित और मजबूत व्यक्तित्व के स्वामी बनेंगे। आपकी संतान को वर्ष की शुरुआत में कुछ शारीरिक समस्याएं परेशान कर सकती हैं। इसलिए उनका थोड़ा सा ध्यान रखें।

तुला व्यापार राशिफल 

व्यापार करने वाले जातकों के लिए यह वर्ष मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। वर्ष की शुरुआत में आपके सप्तम भाव में राहु का होना आपको उल्टी-सीधी योजनाओं और शॉटकट से व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। यदि आप इस पर फोकस नहीं रखते हैं और ध्यान नहीं देते हैं तो आप बड़ी भारी चुनौतियों में घिर सकते हैं। किसी तरह की टैक्स चोरी या सरकारी नीतियों के विरुद्ध काम करना आपके लिए नुकसान का सौदा साबित हो सकता है। इसलिए बहुत सावधानी रखें और विशेष रूप से मई के महीने में आपको बहुत ध्यान देने की आवश्यकता होगी, नहीं तो व्यापार में हानि भी हो सकती है। बदनामी भी मिल सकती है, मई के बाद से भाग्य काफी हद तक आप के पक्ष में करवट लेने लगेगा और आपका व्यापार तेजी से आगे बढ़ेगा।

तुला धन और लाभ राशिफल

तुला राशि वालों के लिए यदि वर्ष 2023 के दौरान धन और लाभ की स्थिति देखी जाए तो यह वर्ष आपको पहले कुछ चुनौतियां देगा और अच्छे खर्च कराएगा जिससे धन लाभ की स्थितियां सीमित हो जाएंगी लेकिन मुख्य रूप से आपको परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। शनि महाराज आपके लिए आमदनी का एक पक्का जरिया प्रदान करेंगे, जिससे वर्ष पर्यंत आपको अच्छी आमदनी प्राप्त होती रहेगी। आप अपनी सभी आर्थिक चुनौतियों से पीछे हट जाएंगे। बृहस्पति महाराज जब अप्रैल के मध्य तक छठे भाव में रहकर द्वादश भाव को देखेंगे तो खर्चे बड़े चढ़े रहेंगे।

2023 में तुला राशि के लिए भाग्यशाली अंक

तुला राशि के स्वामी शुक्र देव हैं और तुला राशि के जातकों का भाग्यशाली अंक 5 और 8 माना जाता है।

 तुला राशिफल 2023: ज्योतिषीय उपाय

 1 आपको शुक्रवार के दिन व्रत रखना चाहिए।

2 शुक्रवार से शुरू करके प्रतिदिन श्री सूक्त का पाठ करें।

3 प्रतिदिन शुक्र देव जी के बीज मंत्र का जाप करना आपके लिए लाभदायक रहेगा।

4 शुक्रवार के दिन मंदिर की महिला पुजारिन को श्रृंगार की सामग्री भेंट करें।

5 आपको उत्तम गुणवत्ता वाला हीरा या ओपल रत्न धारण करना बहुत लाभदायक रहेगा। इस रत्न को आप अनामिका अंगुली में शुक्ल पक्ष के दौरान शुक्रवार के दिन धारण कर सकते हैं।

6 यदि आप किसी कठिन समस्या से जूझ रहे हैं या बीमार हैं तो आपके लिए श्री गजेंद्र मोक्ष स्त्रोत का पाठ करना लाभदायक रहेगा।

इनपुट : ज्योतिषाचार्य, विनोद सोनी।