देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत

देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ रविवार को देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, देश की प्रथम महिला सविता कोविन्द तथा उनकी पुत्री स्वाति कोविन्द के मथुरा भ्रमण हेतु उत्तर प्रदेश आगमन पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने वृन्दावन स्थित प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी जी के मन्दिर में दर्शन पूजन किया। इसी क्रम में उन्होंने वृन्दावन में भारत सरकार द्वारा निर्मित एवं वित्तीय सहायता प्राप्त विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के आश्रय स्थल ‘कृष्णा कुटीर’ में आवासित महिलाओं से मुलाकात की और उन्हें वस्त्र तथा सहायता उपकरण भेंट किए।

इस अवसर पर ‘कृष्णा कुटीर’ वृन्दावन में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार इस कुटीर में रह रही महिलाओं के लिए इतना खर्च दे रही है कि इन महिलाओं को अब भिक्षा न मांगनी पड़े और वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत कर सकें। राज्य सरकार द्वारा भी यहां विद्युत, कुकिंग गैस, जल तथा सीवेज कर संबंधी खर्चों के लिए साठ लाख रूपये सालाना का प्राविधान है। कहा कि एक हजार निराश्रित महिलाओं को आश्रय देने की क्षमता वाले इस आश्रय ग्रह में वर्तमान में 157 महिलाएं रह रही हैं। कान्हा की नगरी में निराश्रित महिलाओं को आसरा देने के लिए होटल सरीखा ये कृष्णा कुटीर बनाया गया है।

अपने सम्बोधन में विधवा पुनर्विवाह को समाज में स्थापित कराने तथा महिलाओं को पारिवारिक स्नेह छाया से दूर न करने की आवश्यकता पर दृढ़ता से बल दिया।