नेक पहल : निर्धन छात्रों का भविष्य सवांरने के लिए दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान ने दूसरी शाखा का किया उद्घाटन

नेक पहल : निर्धन छात्रों का भविष्य सवांरने के लिए दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान ने दूसरी शाखा का किया उद्घाटन

वाराणसी सिटी। अपने लिए सभी जीते हैं लेकिन दूसरों के लिए कुछ करने वाले समाज में आपको विरलें ही मिलेंगे। शहर में निर्धन छात्रों का भविष्य सवांरने के लिए दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान पिछले 8 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अनवरत कार्यरत है। इसी कड़ी में बुधवार को यह संस्था अपने दूसरे शाखा का उद्घाटन को प्रधानमंत्री आदर्शग्राम डोमरी में पंचायत कार्यालय के समीप किया। इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्वांचल मील एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कपूर, संस्था के संरक्षक राजेंद्र धानुका, कोषाध्यक्ष दीपू शुक्ला एवं अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने सामूहिक रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वल्लित कर शाखा का उद्घाटन किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधरेगा

इस दौरान मुख्य अतिथि विजय कपूर ने कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है। संस्था के इस अभियान से निर्धन छात्रों का भविष्य सुधरेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधरेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी बहुत से लोग संसाधनों की कमी के कारण अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाते। जिससे उनका भविष्य अंधकार में पड़ा रहता है।

 बेसिक ज्ञान के बाद स्कूल में दाखिला

संस्था की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने कहा कि हम अपनी संस्था के पहली शाखा की तरह ही इसे भी आगे बढ़ाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी शिक्षा का स्तर बहुत ही निम्न है। जिसे हम सुधारने का प्रयास करेंगे। हमारा प्रयास है कि हम अधिक से अधिक बच्चों को बेसिक ज्ञान देकर उनका दाखिला स्कूल में कराएं। जिससे गरीब बच्चों का भविष्य उज्जवल हो।

पहले ही दिन 30 बच्चों की शुरु हुई शिक्षा

उद्घाटन के पहले ही दिन 30 बच्चों की शिक्षा शुरु हुई। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर ख़ुशी की लहर दौड़ पड़ी। वहीँ उनके अभिभावकों ने भी संस्था व उसके पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विजय चौहान ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संस्था के संरक्षक राजेंद्र धानुका ने किया।

350 से ज्यादा बच्चों को नि:शुल्क दी जा रही शिक्षा 

बता दें कि संस्था कि पहली शाखा वाराणसी के हुकुलगंज में स्थित है। संस्था समय समय पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अभियान भी चलाती है। इसके अलावा भी संस्था के ओर से विभिन्न प्रकार के आयोजन होते रहते हैं। वर्तमान में संस्था के अंतर्गत 350 से ज्यादा बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है। कुछ बच्चों का विद्यालय में दाखिला भी कराया गया है। जिसका खर्च संस्था की जिम्मेदारी है।