मुलायम सिंह का हालचाल लेने अक्सर उनके घर जाया करते थे योगी, उनके निधन पर 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की

मुलायम सिंह का हालचाल लेने अक्सर उनके घर जाया करते थे योगी, उनके निधन पर 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की

लखनऊ। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। इसके बाद से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। मुलायम सिंह भारतीय राजनीति के उन नेताओं में से थे जिनका विपक्ष के नेता भी सम्मान करते थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्घांजलि देते हुए कहा कि मुलायम सिंह समाजवाद के स्तंभ थे जिन्होंने तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश को सेवाएं देने के साथ ही रक्षामंत्री के रूप में देश की सेवा की। मुलायम बीते कुछ वर्षों से राजनीति में पहले की तरह सक्रिय नहीं रह गए थे। वह ज्यादातर अस्वस्थ रहते थे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी अक्सर उनका हालचाल लेने के लिए उनके घर जाया करते थे। मुख्यमंत्री योगी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सैफई जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने श्रद्घांजलि देते हुए कहा कि मैं प्रदेश शासन और प्रदेशवासियों की ओर से स्वर्गीय मुलायम सिंह को श्रद्घांजलि अर्पित करता हूं और शोक संतप्त परिजनों और समर्थको के प्रति भी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वह संघर्षों से तपे बढ़े और प्रदेश की राजनीति के पांच दशक तक स्तंभ बने रहे। उन्होंने प्रदेश व देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका का लंबे समय तक निर्वहन किया।

मुख्यमंत्री योगी ने उनके राजनीति जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि मुलायम सिंह जी ने यूपी विधानसभा व विधान परिषद में लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करने के साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश को नेतृत्व प्रदान किया और देश की संसद का सात बार प्रतिनिधित्व किया व रक्षामंत्री के रूप में देश की उल्लेखनीय सेवा की। 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना करता हूं और उनके शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। राज्य सराकर ने उनके निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।