प्रियंका ने सिकंदर बाग चौराहे पर लगी उदा देवी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, उमड़ी महिलाओं की भीड़  

प्रियंका ने सिकंदर बाग चौराहे पर लगी उदा देवी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, उमड़ी महिलाओं की भीड़   

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगलवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित महिला मार्च में हजारों की तादाद में महिलाएं और लड़कियां शामिल हुईं। गोमती नगर के 1090 चौराहा से शुरू हुए मार्च से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं में जोश भरते हुए कहा लड़की हूँ लड़ सकती हूँ और कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा सिर्फ चुनाव के लिए नहीं दिया गया है बल्कि यह एक आंदोलन है महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए।

पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव में जिन महिला उम्मीदवारों को प्रत्याशी बनाया गया था उनके साथ प्रियंका गांधी ने 1090 चौराहा से सिकंदर बाग चौराहा के लिए पैदल मार्च शुरू किया। करीब 40 मिनट पैदल चलकर वह सिकंदर बाग चौराहा पहुंची और वहां  पर लगी उदा देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। महिला मार्च को लेकर गोमती नगर के 1090 चौराहे पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लड़कियों और महिलाओं की भारी भीड़ लगने लगी। 1090 चैराहा के अलावा पूरे रूट को मेले की तरह गुब्बारों और झंडों से सजाया गया था। मार्च में आई महिलाओं के लिए विशेष प्रकार के गुलाबी रंग के झोले भी बनाए गए थे उनको उन्हें बांटा गया था।