अयोध्या में योगी बोले- तेजी से हो रहा है राम मंदिर का निर्माण  

अयोध्या में योगी बोले- तेजी से हो रहा है राम मंदिर का निर्माण   

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में देश दुनिया के करोड़ों लोगों के आस्था के प्रतीक राममंदिर का निर्माण अब तेज गति से हो रहा है। श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद श्री योगी ने गुरूवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ही के दिन रामलला के भव्य मंदिर निर्माण के लिये भूूमि पूजन किया था और अब तेजी से मंदिर का निर्माण हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अयोध्या को नई अयोध्या बनाने की कोशिश कर रही है जिसका पौराणिक रूप जल्द ही देश दुनिया के सामने होगा।

उन्होने कहा कि अयोध्या में 157 करोड़ रूपये की 17 परियोजनाएं पूरी हो गयी हैं जबकि 85.68 करोड़ रूपये की नई परियोजना शीघ्र लागू की जायेंगी। विगत 50 वर्षों से लम्बित श्रीरामलला के भव्य मंदिर निर्माण के लिये 5 अगस्त को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भूमि पूजन किया गया। मंदिर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने रामलला का पूजन-दर्शन के बाद मंदिर के नये माडल का भी पूजन-अर्चन किया है। श्री योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी तबसे अनेकों कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किये गये। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की अवधारणा को ले करके सरकार आगे बढ़ रही है। इसी के तहत प्रधानमंत्री अन्न कल्याण योजना के तहत आज यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस योजना से लगभग 15 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे हैं। अस्सी हजार सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानें इसमें अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी के समय मार्च 2020 से नवम्बर 2020 तक अन्त्योदय कार्डधारक को 35 किलो तथा सामान्य गरीब को प्रति माह प्रति यूनिट पांच किलोग्राम के हिसाब से नि:शुल्क राशन वितरण किया गया। यह वर्तमान में मार्च 2021 से प्रारम्भ किया गया है जो दीपावली नवम्बर 2021 तक चलेगा। कोविड काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगभग 6.67 करोड़ लोगों का कोविड टेस्ट किया गया तथा 5.21 करोड़ लोगों का टीकाकरण भी किया गया।

राशन कार्ड धारकों में से लगभग चार सौ लोगों को राशन वितरण किया गया। जिसमें से दस राशन कार्डधारकों को मुख्यमंत्री ने स्वयं वितरित किया। लाभार्थियों में शांती दासी, लीला रमन देवी, विमला, सुनीता, निशा देवी, सुमन देवी तथा सुशीला यादव शामिल थे। इस अवसर पर एडीजी एस.एन. बंसल, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, आईजी अयोध्या मंडल, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा व जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मुख्य अर्चक सत्येन्द्र दास ने मुख्यमंत्री को पूजन-अर्चन कराया तत्पश्चात मंदिर माडल का भी विधि विधान से पूजन-अर्चन कराया।