आज भी जारी रहेगा प्रचंड गर्मी व लू का दौर, जानें कब मिलेगी राहत

आज भी जारी रहेगा प्रचंड गर्मी व लू का दौर, जानें कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली। देश के उत्तरी व उत्तर पश्चिमी व मध्य भारत में रविवार को भी प्रचंड गर्मी व लू का दौर जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी रविवार को लू चलने की संभावना है। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। 

मई माह में अक्सर प्रचंड गर्मी पड़ती है और गर्मी के रिकॉर्ड टूटते व बनते हैं। 25 मई से शुरू होने वाले नवतपे में या इसके पूर्व कई बार मौसम बिगड़ता है। बहरहाल बात करें तो ताजा हाल की तो अभी एक दो दिन और भीषण गर्मी के हालात बने रहेंगे, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का असर आने में कुछ देर है। मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश, जम्मू कश्मीर, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और विदर्भ में आज भी लू की स्थिति जारी रहेगी।

यूपी का बांदा सबसे गर्म रहा

शनिवार को देश में सबसे गर्म यूपी का बांदा रहा। यहां अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, झांसी का पारा 47.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हमीरपुर में तापमान 45.2 और उरई में 45 डिग्री सेल्सियस रहा। यूपी में प्रचंड गर्मी में सबसे ज्यादा बुंदेलखंड के जिले तप रहे हैं। राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं ने बुंदेलखंड का पारा चढ़ा रखा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र का कहना है कि अभी एक-दो दिन और 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास पारा रह सकता है। इसके बाद एक-दो डिग्री कम होने के आसार हैं।

राजस्थान में हीटवेव की संभावना

राजस्थान के सभी जिलों में हीटवेव व तीव्र हीटवेव का अनुमान  है। पंजाब व हरियाणा भी इन दिनों पांचवीं हीटवेव की चपेट में है। शनिवार को पंजाब का मुक्तसर जिला सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक मार्च के बाद से पंजाब में यह पांचवीं हीटवेव है।