सपा 4 महीने बाद बनाएगी संगठन, समिति कराएगी नगर निकाय चुनाव

सपा 4 महीने बाद बनाएगी संगठन, समिति कराएगी नगर निकाय चुनाव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (SP) मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव और नगर निकाय चुनाव को लेकर गंभीर है, जिसके चलते सपा ने पार्टी संगठन के गठन का काम रोक दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नगर निकाय के लिए चुनाव संचालन समिति बनाने का फैसला लिया है।  समिति में यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, विधायक, पूर्व विधायक और जिला- महानगर संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को रखा जाएगा।

सपा की चुनाव समिति टिकट वितरण से लेकर पार्टी प्रत्याशियों को चुनाव जिताने में मुख्य भूमिका निभाएगी। सपा के लखनऊ कार्यालय पर चुनाव संचालन समिति के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। हर जिले से चुनाव संचालन समिति के लिए प्रमुख नामों को मांगा गया है।  यह चुनाव संचालन समिति नगर निकाय चुनाव के ऐलान से पहले ही घोषित करने की तैयारी है।

सपा नेतृत्व का मानना है कि संगठन में हर कोई पद चाहता है। सभी को पद देना मुश्किल है। इसलिए संगठन की घोषणा से पद न मिलने वाले खफा होंगे, जो पार्टी प्रत्याशियों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके साथ ही गुटबाजी भी बढ़ सकती है। इसलिए चुनाव संचालन समिति चुनाव कराएगी। सपा संगठन की घोषणा फरवरी और मार्च के बीच होने की उम्मीद है।