अन्नदाता के मुखौटे में विपक्ष आंदोलन को हवा दे रहा है : केशव प्रसाद

अन्नदाता के मुखौटे में विपक्ष आंदोलन को हवा दे रहा है : केशव प्रसाद

मेरठ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को कहा कि तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानो को कोई आपत्ति नहीं है बल्कि अन्नदाता के मुखौटे में विपक्ष आंदोलन को हवा दे रहा है। सर्किट हाउस में करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने के बाद सभा को संबोधित करते हुये श्री मौर्य ने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर यह किसानों का नहीं बल्कि विपक्षी पार्टियों का सुनियोजित आंदोलन है। किसान हमेशा से भाजपा के साथ है। सरकार का लक्ष्य सर्वांगीण विकास है और सरकार सभी 75 जिलों को ध्यान में रख रहे अपना काम कर रही है। मौर्य ने कहा कि भाजपा विरोधी प्रदेश और केंद्र में सत्ता में रहे लेकिन उनकी पार्टी ने तेजी से विकास किया है। जिसका उदाहरण दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे है जिससे मेरठ अब दिल्ली के करीब हो गया है। साथ ही मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे भी बन रहा है।

उन्होने सर्किट हाउस में मेरठ मंडल के बागपत, बुलन्दशहर और हापुड़ आदि छह जिलों के 79 प्रस्तावित तथा पूर्ण हो चुकी लोक निर्माण विभाग, राजकीय निर्माण निगम, सेतु निगम की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किये जिनकी कुल लागत 107 करोड़, 29 लाख 66 हजार रुपये है। इसके अलावा उन्होंने बुलंदशहर और अमरोहा के बीच गंगा नदी पर बनने वाले पुल का भी शिलान्यास किया।