कोई भी समाज पीछे न रह जाये सभी आगे बढे़ं, कोई भी बच्चा अनपढ़ न रहे : राष्ट्रपति  

कोई भी समाज पीछे न रह जाये सभी आगे बढे़ं, कोई भी बच्चा अनपढ़ न रहे : राष्ट्रपति  

लखनऊ। राजभवन के गाँधी सभागर में भारत की माननीय राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू ने ‘बुक्सा‘ जनजातीय समूह के प्रतिनिधियों को वनाधिकार पट्टा अभिलेख प्रपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राष्ट्रपति को स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ जनता में जनजातीय समूहों को विकास की सर्वाधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज पीछे न रह जाये सभी आगे बढे़ं, कोई भी बच्चा अनपढ़ न रहे।

राष्ट्रपति ने प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय समूहों के विकास हेतु किए जा रहे कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने जनजातियों के विकास के लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने समारोह में आये ‘बुक्सा‘ जनजातीय समूह के प्रतिभागियों को विकास के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सबके साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सभी के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। राष्ट्रपति जी ने जनजातीय समूहों को नयी तकनीक से जोड़ने, सरकार की आवास योजनाओं के तहत आवास प्रदान करवाने, जनजातीय क्षेत्रों के निकट विद्यालयों को बनवाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

माननीय राष्ट्रपति जी ने जनजातीय समूहों के विकास के लिए प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी द्वारा किए जा रहे कार्यों की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल जी ने गाँवों को गोद लेने का कार्यक्रम चलाकर इस क्षेत्र में विकास के लिए बड़ा कार्य किया है।

कार्यक्रम में आए प्रतिभागियों से राष्ट्रपति महोदया ने संवाद कर विकास कार्यों और आवश्यकताओं की जानकारी ली और आवश्यकताओं की पूर्ति का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में हमारे साथ प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, श्री असीम अरूण तथा राज्यमंत्री श्री संजीव कुमार गोंड ने राष्ट्रपति जी को जनजातीय हस्तशिल्प निर्मित सामग्री भेंट की। राष्ट्रपति के सौजन्य से सभी जनजातीय प्रतिभागियों को अंगवस्त्र भेंट प्रदान की गई।