महागठबंधन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं नीतीश कुमार : प्रशांत किशोर

महागठबंधन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं नीतीश कुमार : प्रशांत किशोर

नई दिल्ली। राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जो उनके पूर्व संरक्षक थे, पर एक नया तंज कसते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि नीतीश महागठबंधन को छोड़ भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी कर सकते हैं। किशोर ने इसके पहले नीतीश के बारे में दावा किया था, ‘‘जब आपने राजग छोड़ दिया है तो उस पद को क्यों नहीं छोड़ रहे हैं। उस पद को छोड़िये या उस सांसद को हटाइए।’’ किशोर का इशारा जदयू सांसद व राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह की ओर था।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्यसभा में विधेयक पास कराने के लिए अपने दल का व्यक्ति लगाए हुए हैं और बिहार में महागठबंधन बनाकर प्रदेश की जनता को फिर से ठगने का प्रयास कर रहे हैं।’’ किशोर ने बुधवार को पश्चिम चंपारण जिले में, जहां वह राज्यव्यापी पदयात्रा के तहत तीन सप्ताह से हैं, एक जनसभा में यह आरोप लगाया था। संभावना जताई जा रही है कि इस पदयात्रा के बाद किशोर एक राजनीतिक दल का गठन कर सकते हैं। चुनावी रणनीतिकार ने एक न्यूज़ एजेंसी से यह भी कहा था कि कुमार ने हरिवंश के माध्यम से भाजपा के साथ संवाद का रास्ता खुला रखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा से नाता तोड़ने के बाद नीतीश कुमार को हरिवंश को पद छोड़ने के लिए कहना चाहिए था। अगर वह इस पद पर बने रहते तो उन्हें जदयू से निष्कासित किया जा सकता था। पर नीतीश ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकल्प खुला रखा है। हाल के दिनों में कई बार नीतीश पर प्रहार कर चुके किशोर ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के नाम पर वोट मांगे थे, लेकिन दो साल बाद जनता को धोखा दिया।