पहले हुआ जयमाल फिर दुल्हन ने लगा ली फांसी, छोटी बेटी से कराई गई शादी

पहले हुआ जयमाल फिर दुल्हन ने लगा ली फांसी, छोटी बेटी से कराई गई शादी

कुशीनगर। कुशीनगर जिले में एक दुल्हन का शव पेड़ से लटका मिला है। वह जयमाल के बाद अपने कमरे में गई थी। वहीं से लापता हो गई थी। काफी देर तलाश के बाद भी जब दुल्हन नहीं मिली तो फिर उसकी छोटी बहन से दूल्हे से शादी करवाई गई। रविवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर पेड़ पर दुल्हन के लिबास में ही उसका शव मिला। लहंगे की चुनरी से उसने फंदा बनाया था। यह हत्या है या आत्महत्या है? इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पूरी घटना चौरा खास थाना क्षेत्र के बिन टोला गांव की है।

दुल्हन की मां चिंता देवी ने बताया,"जयमाला के बाद बेटी नीतू कमरे में गई। वहां बाथरूम के लिए जाने की बात कहकर कमरे से बाहर गई थी। मैंने भी उस वक्त ध्यान नहीं दिया। जब पैर पूजने की रस्में करने की बारी आई तो बेटी को बुलवाया गया। उस समय पता चला वह कमरे में लौटकर नहीं आई। इसके बाद शादी में हंगामा मच गया। हम लोगों ने मिलकर उसे ढूढ़ना शुरू किया। पुलिस को सूचना देकर तलाश कराई गई लेकिन बेटी का पता नहीं चला। हमें लगा बेटी कहीं भाग गई है।"

पिता बोला-छोटी बेटी से करानी पड़ी शादी

दुल्हन के पिता उदयनाथ ने रोते हुए बताया," बेटी को रात में बहुत तलाश किया। जब वह नहीं मिली तो पूरा परिवार परेशान हो गया। बारात दरवाजे पर खड़ी थी। दूल्हा भी था। ऐसे में दूल्हे के पिता से बातचीत की गई। दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद घर की इज्जत बचाने को अपनी छोटी बेटी से दूल्हे की शादी करवाई। जयमाल के बाद की बाकी रस्म उसी मंडप में छोटी बेटी के साथ कराई गईं।"

बारात विदा होने के बाद मौत का पता चला

पिता उदयनाथ ने बताया, "छोटी बेटी रंजीता (19) के साथ सारी रस्में पूरी कराने के बाद हम लोगों ने बारात विदा कर दी थी। इसके बाद फिर से नीतू की तलाश में जुट गए। सुबह गांव के लोग जब खेतों की तरफ गए तो वहां नदी किनारे बरगद के पेड़ पर बेटी का शव लटका देखा। हमें सूचना मिली तो पूरा परिवार मौके पर पहुंचा। वहां देखा तो बेटी के लहंगे की चुनरी से फंदा बना हुआ था। उसका शव लटका हुआ था।"