राहुल से पूछताछ और मुख्यालय में पुलिस घुसने पर भड़की कांग्रेस, आज कार्यकर्ता करेंगे राजभवन का घेराव

राहुल से पूछताछ और मुख्यालय में पुलिस घुसने पर भड़की कांग्रेस, आज  कार्यकर्ता करेंगे राजभवन का घेराव

नई दिल्ली। राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तलब किए जाने से नाराज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर पार्टी मुख्यालय में जमकर घुसने और नेताओं के साथ धक्कामुक्की करने और मारपीट करने का आरोप लगाया। पार्टी मुख्यालय में घुसकर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस बृहस्पतिवार को सभी राज्यों में राज्यपाल और उपराज्यपालों के आवासों का घेराव करेगी। साथ ही शुक्रवार को जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। साथ ही पार्टी ने मुख्यालय में घुसने और मारपीट करने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग की है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बुधवार को भी जमकर खींचतान हुई। पुलिस सुबह से ही कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोक रही थी। बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता अंदर धरने पर बैठ गए। कुछ सांसदों और बड़े नेताओं को उनके घरों से ही नहीं निकलने दिया गया।

ईडी कार्यालय की ओर जाने पर अड़े सैकड़ों नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर विभिन्न थानों में ले गई। दोपहर में सचिन पायलट को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। वे समर्थकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय के अंदर जाना चाह रहे थे। मुख्यालय के गेट के पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर अंदर की ओर खदेड़ा। पुलिस के अंदर घुसते ही नेता और कार्यकर्ता उत्तेजित हो गए और जमकर धक्कामुक्की हुई।