चंदौली: प्रेमी ही निकला खुशबू का कातिल, पढ़ें क्या है पूरी कहानी !

चंदौली: प्रेमी ही निकला खुशबू का कातिल, पढ़ें क्या है पूरी कहानी !

चंदौली। अलीनगर स्थित लोको कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय युवती खुशबू की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। युवती के सिरफिरे आशिक ने सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी अब पुलिस की हिरासत में है। सीओ अनिरुद्ध सिंह ने आरोपी को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया।

युवक-युवती का प्रेम प्रसंग

प्रयागराज के हंडिया थाना अंतर्गत बीरापुर निवासी नीरज यादव का पड़ोस के ही गांव हीरामनपुर निवासी खुशबू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। खुशबू अपनी दादी के साथ गांव में रहती थी। जबकि उसके माता-पिता अलीनगर के लोको कॉलोनी में रहकर काम करते थे। नीरज और खुशबू का प्रेम तभी से परवान चढ़ा। जब दोनों साथ साथ पढ़ते थे। दोनों के प्रेम संबंधों का पता जब परिवार वालों को चला तो इसको लेकर घर में विवाद उत्पन्न हो गया। पिता ने खुशबू को अपने पास बुला लिया। पिछले छःमाह से वह लोको कॉलोनी में रह रही थी। आरोपी नीरज के साथ उसका संबंध नहीं टूटा। नीरज ट्रेन से मुगलसराय आता रहा और दोनों घर में ही मौका देख मिलते थे। दोनों के बीच अवैध संबंध भी स्थापित हो गए थे। 

प्रेमिका की शादी की बात को लेकर खासा नाराज

कुछ दिन पहले खुशबू की शादी तय हो गई। सगाई के बाद फरवरी में शादी होनी थी। घटना वाले दिन जब नीरज आया, तो खुशबू ने उसे यह बात बताई। साथ यह भी कहा वह उससे नहीं मिलेगा, ना ही कोई संबंध रखेगी। यह बात नीरज को काफी नागवार गुजरी। वह अपनी प्रेमिका की शादी की बात को लेकर खासा नाराज हो गया। उसके बावजूद दोनों ने आखरी बार शारीरिक संबंध भी बनाया। उसके बाद सब्जी की टोकरी में रखा चाकू उठाकर उसकी हत्या कर दी।

चाकू को पानी से धो दिया

पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए जाल बिछा रखी थी। खुशबू की हत्या करने के बाद नीरज ने चाकू को सब्जी वाली टोकरी में फेंक दिया। फिर उसे लगा कि वह पकड़ा जाएगा, तो चाकू को पानी से धो दिया। इसके बाद नीरज ने खुशबू की मोबाइल ले ली और राजघाट पहुंचकर सिम तोड़कर गंगा में फेंक दिया। लेकिन इसके पहले खुशबू जितने भी व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ी थी सबसे एक-एक करके लेफ्ट हो गया। पुलिस के लिए आरोपी तक पहुंचने का यही आधार बना। सब्जी वाली टोकरी पर खून के छींटे भी मिले। एस पी अंकुर अग्रवाल एवं तेजतर्रार सीओ अनिरुद्ध सिंह खुद घटना की मानिटरिंग कर रहे थे। अंत में भागने से पहले आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।