आनंद कानन में आनंद देने के लिए बनाए जाएंगे 75 अमृत सरोवर

आनंद कानन में आनंद देने के लिए बनाए जाएंगे 75 अमृत सरोवर

वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी आनंद कानन (काशी) में आनंद देने के लिए 75 अमृत सरोवर बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर उनके संसदीय क्षेत्र काशी की सुंदरता में चार चांद लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अमृत सरोवर को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर से मानीटरिंग शुरू हो गई है। इसके चलते इन सरोवरों के निर्माण के पूर्व चिन्हांकन का कार्य शुरू हो गया है। 

इन अमृत सरोवर की गहराई तकरीबन दो मीटर होगी। यहां पर जल की व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी भी मौसम में पानी का जलस्तर बरकरार रहे। भूजल स्थिति को बेहतर करने की दिशा में यह सरोवर काफी कारगर होंगे। मनरेगा कन्वर्जेंन्स, क्षेत्र पंचायत निधि और ग्राम पंचायत निधि से सरोवर की रिटेनिंग वॉल, चहारदीवारी, इंटरलॉकिंग, फूडकोर्ट, स्टोनपिचिंग, पैडल वोट, ग्रीन एरिया, फव्वारे लगाए जाएंगे। यहां प्रकाश की भी व्यवस्था की जाएगी। 

वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के साथ रमणीक स्थल के रूप में अब ये सरोवर विकसित होंगे। इन सरोवरों के बनने से जिले का भूजल स्तर भी सुधरेगा। साथ ही लोगों को नौका विहार के साथ घर के आसपास की हरियाली का आनंद लेने का मौका मिलेगा। सरोवर के विकास से ग्राम वासियों की आय के साधन सृजित होंगे और ग्राम पंचायत की आय में भी वृद्धि होगी।