Lucknow news : … तो अब अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा गोमतीनगर रेलवे स्टेशन, जानें क्या है पूरी प्लानिंग

गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। राजाजीपुरम के एफ ब्लॉक चौराहे का नाम प्रज्ञान रोवर के नाम पर होगा...

Lucknow news : … तो अब अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा गोमतीनगर रेलवे स्टेशन, जानें क्या है पूरी प्लानिंग

लखनऊ सिटी। शहर के सबसे प्रमुख चौराहे हजरतगंज के बाद अब गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का नाम भी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार हो गया है। 15 दिसंबर को होने वाली नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इसे मंजूरी के लिए लाया जाएगा। बैठक का एजेंडा मंगलवार को जारी कर दिया गया। इसमें कुल 11 प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें पांच प्रस्ताव नामकरण के और चार प्रस्ताव प्रतिमा लगाने और द्वार निर्माण के हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 25 दिसंबर को जयंती है। इससे पहले नगर निगम गोमती नगर रेलवे स्टेशन का नाम उनके नाम पर करने जा रहा है। महापौर ने कार्यकारिणी और सदन की स्वीकृति की प्रत्याशा में दो दिसंबर को ही इसका प्रस्ताव मंजूर कर दिया था। अब कार्यकारिणी की बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी। इससे पहले वर्ष 2018 में पूर्व प्रधानमंत्री की मृत्यु के बाद नगर निगम ने हजरतगंज चौराहा का नाम अटल चौक किया था। अयोध्या रोड पर सुरेंद्र नगर स्थित नगर निगम डिग्री कॉलेज का नामकरण भी अटल बिहारी वाजपेयी डिग्री कॉलेज किया गया था। वहीं, कानपुर रोड पर सरोजनीनगर क्षेत्र में एक अटल वन विकसित किया गया है।