सम्पूर्णानंद संस्कृत विवि में योगी की विशाल सभा 11 को, तैयारी पूरी

सम्पूर्णानंद संस्कृत विवि में योगी की विशाल सभा 11 को, तैयारी पूरी

वाराणसी सिटी। नगर निकाय चुनाव के पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी को मथने आ रहे हैं। सीएम योगी 11 दिसम्बर को सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में विशाल सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा महानगर इकाई ने सभा की तैयारियां शुरु कर दी है। सभा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी गयी है।

गुलाब बाग-सिगरा स्थित पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को विभाग एवं प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि गुजरात विधानसभा की प्रचंड जीत मोदी के कुशल नीति और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। हमें पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में होने वाले नगर निकाय और नगर पंचायत के चुनाव में भी मोदी और योगी की कुशल नीति और कार्यकर्ताओं के बल पर कमल खिलेगा।

बैठक में महानगर के विभाग एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को 11 दिसम्बर की सभा को सफल बनाने के लिए अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गयी। मीडिया प्रभारी किशोर कुमार सेठ ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। बैठक में संजय जायसवाल, अभिनव पांडेय,  रत्नाकर राय, रोशन गुजराती, कुणाल पांडेय, नमिता सिंह, दीपमाला, रितिक मिश्रा, सक्षम पटेल, पीयूष अग्रवाल, पार्षद मदन मोहन दुबे, विपुल कुशवाहा, विकास केसरी, प्रियांशु आदि मौजूद रहे।