योगी आदित्यनाथ ने आज दूसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

योगी आदित्यनाथ ने आज दूसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने आज दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता संभाली है। गुरुवार को योगी आदित्यनाथ ने सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। सरकार में इस बार आगरा का प्रतिनिधित्व दमदार है। जिले के दो विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल में आगरा के दो विधायकों को राज्यमंत्री बनाया गया था। आगरा ग्रामीण की विधायक बेबी रानी मौर्य और दक्षिण विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण ली है। लोगों का कहना है कि दोनों कैबिनेट मंत्री रोजगार दिलाने और स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने में कवायद करें। 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का सियासी सफर

हरदोई जिले के मूल निवासी एवं लखनऊ जिले से भाजपा विधायक ब्रजेश पाठक का कद योगी सरकार 2.0 में बढ़ गया है। पिछली सरकार में वह कानून मंत्री थे। इस बार उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है। ब्राह्मण समाज में उनकी पकड़ काफी अच्छी है। यह वजह है कि उनको ब्राह्मणों का चेहरा माना जाता है। पाठक पहली बार अपने गृह जनपद से 2002 में विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़े थे।

हालांकि बेहद मामूली अंतर से चुनाव हार गये थे। इसके बाद वह बसपा के टिकट पर उन्नाव जिले से लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। लोकसभा के साथ ही वह राज्यसभा सांसद भी रहे। सियासी हवा भांपते हुए बाद में वह भाजपा में शामिल हो गये थे। 2017 में लखनऊ से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके साथ ही योगी सरकार के पहले कार्यकाल में कानून मंत्री रहे। आज उनके डिप्टी सीएम बनने पर लखनऊ के साथ ही उन्नाव और हरदोई जिले में हर्ष की लहर है। उनके भाई राजेश पाठक जिले की राजनीति में सक्रिय हैं। घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है।