शर्मसार: तीन महीने की बच्ची को कलयुगी मां ने तीसरी मंजिल से फेंका, पढ़ें क्यों उठाया ये कदम

शर्मसार: तीन महीने की बच्ची को कलयुगी मां ने तीसरी मंजिल से फेंका, पढ़ें क्यों उठाया ये कदम

अहमदाबाद। गुजरात में एक मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी मां ने अपनी ही तीन महीने की बीमार बच्ची को तीसरी मंजिल से नीचें फेंककर मार डाला। एफ डिवीजन के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पी.पी. पिरोजिया ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये दिल दहला देने वाली घटना अहमदाबाद के सिविर अस्पताल में हुई। फिलहाल आरोपी मां को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पी.पी. पिरोजिया ने बताया कि घटना रविवार तड़के अहमदाबाद के असरवा इलाके में स्थित सिविल अस्पताल में हुई थी। शुरुआत में आरोपी मां ने अस्पताल प्रशासन को बच्ची के लापता होने का दावा करके गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज चेक की गई तो स्थिति साफ हुई। उन्होंने बताया कि मृतक बच्ची का नाम अमरीन है और वह सिविल अस्पताल में पिछले दो सप्ताह से भर्ती थी। 

घटना का खुलासा करते हुए एसीपी पिरोजिया ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मां अपनी बेटी को लेकर गैलरी की ओर जाती और फिर खाली हाथ वापस आती हुई देखी जा सकती है। इसके बाद अमरीन का शव अस्पताल के कर्मचारियों को ग्राउंड फ्लोर पर मिला था। पूछताछ के बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 

उन्होंने बताया कि रविवार को शाहीबाग पुलिस थाने में इसे लेकर बच्ची के पिता ने जानकारी दी थी। जिसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई। दर्ज एफआईआर के अनुसार, मृतक बच्ची जन्म के तुरंत बाद बीमार हो गई थी। जिसके कारण वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया। जहां वह 24 दिनों तक भर्ती रही थी। बच्चे के पिता आसिफ ने पुलिस को बताया था कि वडोदरा के डॉक्टरों ने दूषित पानी के सेवन को बीमारी का कारण बताया था। बाद में जब बच्ची की हालत बिगड़ गई तो उसे 14 दिसंबर को नदियाड के एक अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। एफआईर में बताया गया है कि बच्ची की आंत का एक हिस्सा उसके पेट से बाहर निकल आया था। फिलहाल मामले में आरोपी मां ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।