चन्नी के 'बिहार-यूपी के भैया' वाले बयान पर हंगामा जारी, भाजपा नेताओं ने साधा पंजाब के सीएम पर निशाना

चन्नी के 'बिहार-यूपी के भैया' वाले बयान पर हंगामा जारी, भाजपा नेताओं ने साधा पंजाब के सीएम पर निशाना

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति जारी है। इन सबके बीच भाजपा ने चन्नी के बयान को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री बोल रहे हैं कि दिल्ली, बिहार, यूपी के लोगों को पंजाब में घुसने नहीं देना है और प्रियंका  गांधी ताली बजा रही हैं ये इनकी सोच है। इन लोगों के हाथों में क्या देश सुरक्षित है? ऐसे लोग क्या देश को मज़बूती प्रदान कर सकते है? वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चन्नी साहब ने कहा कि हमारी सरकार बन जाएगी तो हम पंजाब में यूपी-बिहार के लोगों को आने नहीं देंगे। ये भारत को टुकड़ों में बांटना चाहते हैं। यूपी में कोई भी पंजाबी भाई-बहनों को उत्पीड़ित करने की कोशिश करेगा तो उसे सख्त सज़ा दी जाएगी। सारा देश एक है।

पंजाब में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी चन्नी पर निशाना साधते हुए कहा कि कल जिस प्रकार से देश और भाई-भाई को बांटने का काम किया। मैं उसकी निंदा करता हूं, यूपी, बिहार, दिल्ली से जो लोग पंजाब में आते हैं उनका हम स्वागत करते हैं और जो लोग पंजाब से देशभर में जाते हैं उनका भी हर्षोल्लास के साथ स्वागत होता है। वहीं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को माफ़ी मांगनी चाहिए। आप UP, बिहार के लोगों का सार्वजनिक तौर पर अपमान करते हुए तमाशाई बनकर उसपर तालियां बजाएं। इससे ज़्यादा कांग्रेस के मानसिक दिवालियेपन का कोई और उदाहरण हो नहीं सकता।

बिहार से ही आने वाले केंद्रीय मंत्री आरके सिंह उनके बयान से लोगों को तक़लीफ हुई है। चरणजीत सिंह चन्नी के इस बयान के बाद कांग्रेस पार्टी की जो थोड़ी भी मौज़ूदगी है वह भी ख़त्म हो जाएगी। इतनी पुरानी पार्टी के मुख्यमंत्री द्वारा इस तरह का बयान देना बहुत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इन लोगों को भेद करने की आदत हो गई है। ये लोग वही काम कर रहे हैं जो टुकड़े-टुकड़े गैंग करता था। बिहार के मंत्री शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि कांग्रेस और चन्नी ने गुरु गोविंद सिंह और संत रविदास जी को मानने वालों का अपमान किया है और प्रियंका गांधी मुस्कारा रही हैं लेकिन चुनाव के बाद कांग्रेस को रोना पड़ेगा।