खनन माफिया ने DSP पर डंपर चढ़ाया, रोते हुए भाई ने कहा- सुबह फोन पर कहा था- 3 महीने बाद रिटायरमेंट होनी है

खनन माफिया ने DSP पर डंपर चढ़ाया, रोते हुए भाई ने कहा- सुबह फोन पर कहा था- 3 महीने बाद रिटायरमेंट होनी है

हरियाणा। हरियाणा के तावडू (मेवात) के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई नूंह में अवैध खनन की घटना की जांच के लिए गए थे, जिनकी डम्पर चालक ने कुचलकर हत्या कर दी। मौके पर ही डीएसपी की मौत हो गई। सुरेंद्र सिंह की मौत से उनके परिजनों में मातम का माहौल है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।हरियाणा के नूंह में अवैध खनन की जांच कर रहे डीएसपी के छोटे भाई अशोक मंजू ने कहा, ''मैंने उनसे आज ही बात की थी। वह इसी साल सेवानिवृत्त होने वाले थे। फोन पर कहा था कि 3 महीने बाद रिटायरमेंट होनी है, फिर जल्द ही घर आऊंगा। उनके दो बच्चे हैं।' 

साउथ रेंज आईजीपी रवि किरण ने कहा कि डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई साहब को अवैध खनन की सूचना मिली थी। वे यहां घटनास्थल पर चेकिंग के लिए आए। उसी दौरान एक डम्पर पीछे से आया और उनको टक्कर मारता हुआ निकल गया। डम्पर में 3-4 लोग बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। नूंह पुलिस का कहना है कि तावडू (मेवात) के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई नूंह में अवैध खनन की घटना की जांच के लिए गए थे, जिनकी डम्पर चालक ने कुचलकर हत्या कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है। अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है।

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति का जनाजा निकल चुका है। हरियाणा की सरकार विफल हो गई है। कहीं खनन माफिया तो कहीं संगठित गैंगस्टर घूम रहे हैं। पिछले 10 दिनों में 5 विधायकों को जान से मारने की धमकी दी गई है और सरकार कुछ नहीं कर पा रही।