उत्तर प्रदेश में सरकार बदलनी है और करनी है विकास की राजनीति: प्रियंका  

उत्तर प्रदेश में सरकार बदलनी है और करनी है विकास की राजनीति: प्रियंका   

झांसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास लाना है और इसके लिए सरकार बदलनी है। प्रदेश में विकास जरूरी है इसलिए विकास की राजनीति होनी चाहिए। यहां महारानी लक्ष्मीबाई सहित अन्य वीरों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पत्रकारों से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि देशभर में समस्याएं हैं और उत्तर प्रदेश में तो विकास की बेहद दरकार है। प्रदेश में विकास के लिए सरकार बदलना जरूरी है। यात्रा के उद्देश्य और खाद संकट पर पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि शासन प्रशासन कालाबाजारी पर रोक नहीं लगा पा रहे हैं। इसी कारण किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है जो मिल रही है उसमें खाद कम भी मिल रही है और ज्यादा कीमत पर भी मिल रही है। यह बताती है कि सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है।

किसानों की बहुत दयनीय स्थिति है और इसीलिए वह सड़क पर है। खाद तो केवल एक मुद्दा है उन्हें बिजली मिल नहीं रही। हद तो यह है कि इस्तेमाल भी नहीं कर रहे लेकिन लंबे चौडे बिल जरूर मिल रहे हैं। यहां बुंदेलखंड में मौसम से किसानों की खेतों को पानी तो मिल गया लेकिन अब खाद सबसे जरूरी थी तो वह भी सरकार मुहैया नहीं करा पा रही है। कोरोना के कारण किसान बुरी तरह से कर्ज से परेशान है। इस समय किसान को मदद की जरूरत है और जो भी सरकार है उसको चाहिए कि वह किसानों की समस्याओं काे सुलझाए लेकिन वर्तमान सरकार ऐसा कर पाने में पूरी तरह से विफल है इसलिए सत्ता परिवर्तन जरूरी है। चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण दिये जाने की घोषणा कर वाहवाही बटोरने वाली प्रियंका से जब झांसी सीट से किसी महिला उम्मीदवार को टिकट दिये जाने की संभावना को लेकर सवाल किया गया तो वह पूरी तरह से बचते हुए केवल यह कहकर निकल गयीं कि “ देखते हैं।”