Eid ul-Fitr 2022: कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली की जामा मस्जिद से लेकर भोपाल तक पढ़ी गई नमाज

Eid ul-Fitr 2022: कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली की जामा मस्जिद से लेकर भोपाल तक पढ़ी गई नमाज

नई दिल्ली। आज देशभर में ईद-उल-फित्र यानी ईद का त्योहार मनाया जा रहा है। ईद के मौके पर आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जामा मस्जिद में लोगों ने नमाज पढ़कर अल्लाह से शांति और खुशहाली की दुआएं कीं। ईद के इस खास दिन घरों में शीर-खूरमा बनाया जाता है। लोग नए कपड़े पहनते हैं और सुबह नमाज अदा भी करते हैं। इसके बाद सभी लोग अपने करीबियों से मिलते हैं और पकवान खाकर त्योहार का लुत्फ उठाते हैं। ईद मुसलमानों के लिए एक मुबारक त्योहार होता है, मुस्लिम समाज 30 दिन रोजे रखते हैं, जिसके बाद ईद का त्योहार मनाया जाता है।

ईद को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।  स्पेशल सीपी दीपेन्द्र पाठक ने बताया कि जामा मस्जिद और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।  पुलिसबलों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार कानून व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्वक मनाया जाना चाहिए।

तेलंगाना के सीएम ने दी बधाई

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.  चंद्रशेखर राव ने मुसलमानों की पवित्र त्योहार रमजान (ईद उल फितर) के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सीएम केसीआर ने ईद-उल-फितर को खुशी, प्रसन्नता के साथ मनाने और पवित्र प्रार्थनाओं के साथ अल्लाह का आशीर्वाद पाने की इच्छा की।  उन्होंने कहा कि रमजान के महीने में नियमित उपवास और प्रार्थना से अनुशासनात्मक जीवन शैली और आध्यात्मिकता में वृद्धि होगी। सीएम ने कहा कि रमजान का त्योहार सभी मानव जाति को मानव सेवा करने का संदेश देता है।