छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून, आज-कल में हो सकता है आपके शहर में असम की बाढ़ में 2 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून, आज-कल में हो सकता है आपके शहर में असम की बाढ़ में 2 लोगों की मौत

नई दिल्ली। देश के 20 राज्यों में अगले चार दिन भारी बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं। देश में 7 दिन की देरी से दाखिल हुआ मानसून आज या कल में मध्य प्रदेश पहुंच जाएगा। 29 जून तक मानसून राज्य के सभी जिलों तक पहुंचेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, आज मानसून के मुंबई पहुंचने की भी संभावना है। शनिवार सुबह मुंबई में बारिश हुई। शुक्रवार को मानसून छत्तीसगढ़ में दाखिल हुआ। वहीं, असम में बाढ़ से हालात अब भी खराब हैं। यहां 20 जिलों के 5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बारिश में 2 लोगों की जान जाने की भी खबर है। बिपरजॉय तूफान के चलते मानसून देश में देरी से पहुंचा था। लेकिन अब बिपरजॉय का असर खत्म हो गया है, ऐसे में मानसून के तेजी से सभी राज्यों में पहुंचने की संभावना है।

देश में कहां-कितनी बारिश का अनुमान

नॉर्थ ईस्ट - असम, मेघालय, सिक्किम में अगले 5 दिन बारिश

मौसम विभाग ने देश के पूर्वी राज्यों में अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम में 24 और 25 जून को भारी बारिश होगी। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम, मेघालय और सिक्किम में 26 और 27 जून को अति भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वी भारत- बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड में 25 जून तक आंधी आने की संभावना

देश के पूर्वी राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड में 24 और 25 जून को बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। इसके अलावा 26 जून को इन तीनों राज्यों में बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में 24 से 25 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

नॉर्थ वेस्ट- UP, उत्तराखंड, दिल्ली, हिमाचल में अगले तीन दिन बारिश

हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अगले तीन से चार दिन तक बारिश होगी। उत्तर प्रदेश में 25 और 26 को भारी बारिश, जबकि उत्तराखंड में 26 जून तक तेज बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 24 से 26 जून के बीच भारी बारिश होगी। इसके अलावा पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले तीन दिन बारिश की संभावना है।

मध्य भारत - MP, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 26 जून तक बारिश

मध्य प्रदेश में 23 जून को प्री-मानसून बारिश हुई। 24-25 जून को यहां मानसून के पहुंचने का अनुमान है। 26-27 जून को मानसून राजधानी भोपाल और 29 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून के छा जाने की संभावना है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी 26 जून तक बारिश होगी। वहीं विदर्भ में 24 जून से शुरू होने वाली बारिश 26 जून तक चल सकती है।

दक्षिण भारत- तेलंगाना में मानसूनी बारिश, कर्नाटक में दो दिन होगी बारिश

देश के दक्षिणी राज्यों में अगले पांच दिन तेज बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश में 24 जून तक बारिश हो सकती है। वहीं कर्नाटक और तेलंगाना में 26 जून तक बारिश की भविष्यवाणी की गई।

पश्चिमी भारत - महाराष्ट्र, गुजरात में 25 से 26 जून तक बारिश

देश के पश्चिमी राज्यों की बात करें तो, महाराष्ट्र और गुजरात में 25 और 26 जून को तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोंकण और गोवा में 23 जून से शुरु हुई बारिश 26 जून तक जारी रह सकती है।