श्रद्धा हत्याकांड: शादी की बात पर आफताब ने किया कत्ल, शव ठिकाने लगाने को देखी ये वेब सीरीज

श्रद्धा हत्याकांड: शादी की बात पर आफताब ने किया कत्ल, शव ठिकाने लगाने को देखी ये वेब सीरीज

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली को दहला देने वाले श्रद्धा हत्याकांड में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने खुलासा किया कि सनसनीखेज श्रद्धा हत्याकांड में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने कत्ल करने से पहले 'डेक्सटर' सहित कई क्राइम वेब सीरीज और फिल्में देखी थीं। आरोपी आफताब ने श्रद्धा को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। उसके 35 टुकड़े कर आफताब ने उन्हें अलग-अलग जगह पर जंगल में फेंक दिया। महरौली थाने की पुलिस ने करीब छह महीने पहले हुई हत्या के मामले को सुलझाते हुए आफताब को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान मुंबई निवासी आफताब अमीन पूनावाला (28) के रूप में की है, जिसे मृतका श्रद्धा के पिता की शिकायत के आधार पर शनिवार को पकड़ा गया और उसे पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मृतका की पहचान मुंबई की रहने वाली श्रद्धा वाकर (27) के रूप में हुई है। श्रद्धा के पिता विकास मदान वाकर (59) ने आठ नवंबर को अपनी बेटी के अपहरण का मामला दिल्ली के महरौली थाने में दर्ज कराया था।

उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि वह महाराष्ट्र के पालघर में रहते हैं। उनकी 26 साल की बेटी श्रद्धा मुंबई के मलाड में एक कॉल सेंटर में काम करती थी जहां उसकी आफताब से मुलाकात हुई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों लिव-इन में रहने लगे। जब दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद दोनों अचानक मुंबई छोड़ दिल्ली में आकर रहने लगे।

सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में थे परिजन

सोशल मीडिया से बेटी से जुड़े होने की वजह से पता चला कि दोनों दिल्ली के महरौली के छतरपुर में रहने लगे थे। हालांकि युवती के परिजन उससे सोशल मीडिया से जुड़े थे। सोशल मीडिया के जरिए ही उसका हाल-चाल लेते रहते थे। मई के बाद बेटी से संपर्क नहीं हुआ। इस पर परिजन चिंतित हो गए। आठ नवंबर को परिजन सीधे दिल्ली के छतरपुर में उस जगह पहुंचे जहां बेटी किराये के फ्लैट में रहती थी। लेकिन फ्लैट में ताला लगा मिला। विकास ने यहां से सीधे महरौली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दिल्ली पुलिस आफताब की तलाश में जुट गई। इसके बाद पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर आफताब को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि श्रद्धा उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर उनके बीच में अक्सर झगड़ा होना शुरू हो गया था।