भारत के कई हिस्सों में लू का कहर, पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार

भारत के कई हिस्सों में लू का कहर, पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार

नई दिल्ली। भीषण लू के कारण देश का एक बड़ा हिस्सा बेहाल है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद (46.8 डिग्री सेल्सियस) और झांसी (46.2 डिग्री सेल्सियस) जैसे कई स्थानों पर पारा 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दिल्ली में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (46.4 डिग्री सेल्सियस); राजस्थान में गंगानगर (46.4 डिग्री सेल्सियस); मध्य प्रदेश में नौगोंग (46.2 डिग्री सेल्सियस) और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के गुरुग्राम में अब तक का उच्चतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के मौसम संबंधी आधार केंद्र-सफदरजंग वेधशाला ने लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह 12 साल में अप्रैल महीने में किसी एक दिन का सर्वाधिक तापमान है।

राष्ट्रीय राजधानी में 18 अप्रैल 2010 को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। महीने का अब तक का सर्वकालिक उच्च तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस है, जो 29 अप्रैल 1941 को दर्ज किया गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दिल्ली में 72 वर्षों में यह दूसरी बार है जब अप्रैल में इतनी गर्मी पड़ी है और औसत मासिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में आज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रिज में (45.7 डिग्री सेल्सियस), मुंगेशपुर में (45.9 डिग्री सेल्सियस), नजफगढ़ में (45.9 डिग्री सेल्सियस) और पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच से सात डिग्री अधिक है। आईएमडी ने शनिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण लू की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।