सुबह-सुबह शुरू हुआ प्रदर्शन : बलिया में गाड़ियों के शीशे तोड़े तो समस्तीपुर में पूरी ट्रेन जलाई

सुबह-सुबह शुरू हुआ प्रदर्शन : बलिया में गाड़ियों के शीशे तोड़े तो समस्तीपुर में पूरी ट्रेन जलाई

समस्तीपुर। बिहार में तीसरे दिन भी केंद्र की अग्निपथ योजना का विरोध जारी है। 9 जिलों में उग्र प्रदर्शन हो रहा है। समस्तीपुर में प्रदर्शनकारियों ने यात्री ट्रेन को आग के हवाले कर दिया। बक्सर और नालंदा में ट्रैक जाम किया गया है। आरा में सड़क पर आगजनी के बाद जाम लगाया गया है। प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। आक्रोशित युवाओं का कहना था कि महज 4 साल के लिए भर्ती किया जाना रोजगार के अधिकार का हनन करना है। उन लोगों इस दौरान विधायक, सांसद पर भी तंज कसा और कहा कि क्या किसी विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री का बेटे सेना में भर्ती है। सेना में केवल गरीब किसान का बेटा है। सरकार इन लोगों के साथ नाइंसाफी कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। केन्द्र की मोदी सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। 

बलिया में अग्निपथ योजना के विरोध में सुबह पांच बजे से विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया। सैकड़ों युवाओं ने पहले रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया, फिर कई गाड़ियों के शीशे तोड़े। पुलिस ने एक उपद्रवी को हिरासत में लिया है। गुरुवार को UP के 11 जिलों में उग्र प्रदर्शन हुए। आगरा, अलीगढ़ में युवाओं ने बसों में तोड़फोड़ की। बुलंदशहर में युवाओं ने नारेबाजी की। हालात इतने बेकाबू हुए कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मेरठ, देवरिया, सीतापुर के साथ ही उन्नाव के शुक्लागंज में युवाओं ने विरोध किया।

सरकार ने बढ़ाई एज लिमिट

केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए अपर एज लिमिट 21 साल से बढ़ाकर 23 साल करने का ऐलान किया है। हालांकि, यह छूट केवल इसी साल के लिए लागू होगी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पिछले दो साल में कोई भर्ती नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया है। इससे पहले अग्निवीर बनने के लिए पहले निर्धारित आयु सीमा 17.5 साल से 21 साल थी।

देश के कई राज्यों में अग्निपथ योजना को लेकर चल रहे विरोध के बीच गुरुवार को यह फैसला लिया गया। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और झारखंड सहित कई राज्यों शामिल हैं।