चक्रवात 'मोचा' हुआ 'बेहद गंभीर', इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, सरकारी कर्मियों की छुट्टी रद्द

चक्रवात 'मोचा' हुआ 'बेहद गंभीर', इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, सरकारी कर्मियों की छुट्टी रद्द

नई दिल्ली। मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण पूर्व में गंभीर चक्रवाती तूफान मोचा (Cyclone Mocha) एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। आईएमडी ने शुक्रवार सुबह कहा कि ‘मोचा’ पिछले छह घंटों के दौरान 9 किमी. प्रति घंटे की गति से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। 12 मई को सुबह 5.30 बजे चक्रवात पोर्ट ब्लेयर से लगभग 520 किमी. पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बयान में कहा साइक्लोन मोचा कॉक्स बाजार (बांग्लादेश) से 1010 किमी. दक्षिण-पश्चिम में और सिटवे (म्यांमार) से 930 किमी दक्षिण पश्चिम में था।

मौसम विभाग ने कहा कि इसके उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने और तेज होने की संभावना है। इसके 14 मई की दोपहर के आसपास कॉक्स बाजार (बांग्लादेश) और सितवे के करीब क्यौकप्यू (म्यांमार) के बीच तट को पार करने की संभावना है। ये 150-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान है। जिसमें हवा की रफ्तार 175 किमी. प्रति घंटे तक हो सकती है। यमन ने इस तूफान का नामकरण चक्रवात ‘मोचा’ (उच्चारण मोखा) किया है, जो शुक्रवार को अपनी तेजी पर आने वाला है। यमन ने लाल सागर के बंदरगाह शहर मोखा के नाम पर चक्रवात का नाम ‘मोचा’ (मोखा) रखा, जिसने 500 साल पहले दुनिया को कॉफी की सौगात दी थी।

NDRF ने संभाला मोर्चा

जैसे ही चक्रवात मोचा ‘गंभीर’ हुआ, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने पश्चिम बंगाल के दीघा में आठ टीमों और 200 बचावकर्ताओं को तैनात किया है। एनडीआरएफ की दूसरी बटालियन के कमांडेंट गुरमिंदर सिंह ने कहा कि ‘भविष्यवाणियों के अनुसार चक्रवात मोचा 12 मई को एक भयंकर तूफान और 14 मई को एक बहुत गंभीर चक्रवात में बदल जाएगा।’ उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के 200 बचावकर्मियों को जमीन पर तैनात किया गया है और 100 बचावकर्मी स्टैंडबाय पर हैं। इसके रविवार को म्यांमार में बंदरगाह शहर सितवे के करीब क्यौकप्यू और बांग्लादेश के कॉक्स बाजार के बीच तट से टकराने की उम्मीद है।

 मोचासे कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग ने कई पूर्वोत्तर राज्यों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात की गति के कारण इन इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 12, 13 और 14 मई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। त्रिपुरा और मिजोरम में 13 मई और 14 मई को अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम में 14 मई को बारिश होने और कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।