चीन में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ें, ढाई करोड़ की आबादी घरों में कैद होने को मजबूर  

चीन में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ें, ढाई करोड़ की आबादी घरों में कैद होने को मजबूर   

बीजिंग। चीन में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसके मद्देनजर देश के फाइनेंशियल हब शंघाई में लॉकडाउन लगा दिया गया है। जनसंख्या बहुल शहर शंघाई में मंगलवार को लॉकडाउन का दूसरा दिन है। इसके तहत प्रतिबंधों को और सख्त कर दिया गया है। यहां के लोगों को कोरोना टेस्ट कराने तक घरों के भीतर ही रहने के निर्देश दे दिए गए हैं। दरअसल, यहां प्रतिदिन आने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या 4,400 से अधिक हो गई है।

शंघाई में फिलहाल दो स्‍तरीय लॉकडाउन लागू किया गया है, जिसके बाद यहां की करीब ढाई करोड़ की आबादी अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गई है। लॉकडाउन के पहले दिन हुआंगपु के पूर्व में रहने वाले लोगों को उनके घरों के भीतर रहने के निर्देश दे दिए गए थे, जिनमें से अधिकतर को आसपास घूमने की इजाजत दी गई थी। वहां के दो लोगों ने रॉयटर्स को बताया कि उनके पड़ोसियों से जानकारी मिली कि उन्हें अपने घर से बाहर नहीं जाना है।