BJP Plan: नए नेतृत्व और नए समीकरण से आगे बढ़ेगी भाजपा

BJP Plan: नए नेतृत्व और नए समीकरण से आगे बढ़ेगी भाजपा

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में भाजपा ने अंतिम समय में जो दांव चला उसके पीछे राज्य में नए नेतृत्व और नए समीकरणों के सहारे आगे बढ़ने की तैयारी है। एकनाथ शिंदे को सीएम और देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम बनाकर भाजपा नेतृत्व ने बड़े बदलाव का साफ संदेश दिया है। राज्य के पिछड़ों में अच्छा आधार बना चुकी भाजपा की निगाहें अब मराठा वर्ग पर है।


शिवसेना में बगावत का नेतृत्व करने वाले एकनाथ शिंदे को भाजपा नेतृत्व दो तिहाई विधायक जुटाने की स्थिति में मुख्यमंत्री बनाने का वादा कर चुका था। हालांकि इसकी जानकारी फडणवीस को बृहस्पतिवार दोपहर पार्टी के राज्य के प्रभारी सीटी रवि के माध्यम से मिली। शिवसेना में बगावत का सिलसिला शुरू होने के साथ ही फडणवीस मुख्यमंत्री बनने को लेकर आश्वस्त थे। बुधवार को उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद ही उन्होंने बधाइयां स्वीकारनी शुरू कर दी थी।

अंतिम समय में खोला पत्ता

भाजपा नेतृत्व ने अंतिम समय में अपना पत्ता खोला। फडणवीस से अंतिम समय में एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने की घोषणा कराई गई। इसके बाद शपथ ग्रहण से चंद मिनट पहले उन्हें सरकार में शामिल होने और डिप्टी सीएम बनने का निर्देश दिया गया। दरअसल भाजपा को आशंका थी कि अगर उद्धव के इस्तीफे के तत्काल बाद ब्राह्मण बिरादरी के फडणवीस को सीएम की कुर्सी दी गई तो इसका गलत राजनीतिक संदेश जाएगा।