महाविद्यालयों के 34 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया गया सम्मानित

महाविद्यालयों के 34 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया गया सम्मानित

एजुकेशन डेस्क। यूपी के बलिया स्थित जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह सोमवार को कई मायनों में यादगार रहा। कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विभिन्न महाविद्यालयों के 34 मेधावियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। मेडल पाने वाली सूची में छात्राओं की संख्या देख राज्यपाल प्रसन्न हुईं।

उन्होंने कहा कि लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। 80 और 20 का रेशियो पूरे देश में है। अब 80 प्रतिशत मेडल लड़कियां ले जा रही हैं। 20 प्रतिशत लड़कों के पास मेडल है। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में 100 प्रतिशत मेडल लड़कियां ले जाएंगी।

 

...तो बदलना पड़ेगा विश्वविद्यालय का नाम

राज्यपाल ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि  आज इस स्टेज पर जो दो महिलाएं (राज्यपाल और कुलपित) हैं। आने वाले पांच-सात वर्ष में यहां केवल और केवल महिलाएं ही बैठेंगी। यदि ऐसा होता है तो विश्वविद्यालय का नाम भी लड़कियों के नाम पर बदलना पड़ेगा। 

आत्मनिर्भर भारत युवाओं की देन

राज्यपाल ने आगे कहा कि आज का समय विज्ञान का समय है। अनुसंधान का समय है। भारत के शोध की देन है कि कोरोना का टीका बना। कई समस्याएं देश में हैं जिनका हल अनुसंधान से हो सकता है। ऐसा नहीं की सभी बीमारियों को दवा से ही ठीक किया जा सकता है। योग से भी कई मर्जों का उपचार हो सकता है। भारत का रॉकेट विक्रम-एस कई खूबियों से लैस है।

आत्मनिर्भर भारत युवाओं की देन है। अब जी-20 सम्मेलन होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ लोगों को शिखर पर बनाए रखने के लिए प्रयासरत हैं। शिखर सम्मेलन यूपी के चार शहरों में होगा। शिखर सम्मेलन में जापान के लोग भी आएंगे। उनसे बात करने के लिए जापानी भाषा के जानकारों की तलाश की जा रही है। 

स्कूली बच्चों ने पेश किए संस्कृतिक कार्यक्रम

दीक्षांत समारोह में प्राथमिक विद्यालय मिश्रवलिया, प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर, प्राथमिक विद्यालय बेरुआरबारी के साथ ही कस्तूरबा विद्यालय रेवती के बच्चों ने संस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कुल 30 बच्चों को राज्यपाल ने बैग वितरित किया। बच्चों ने अपने हाथों से बनाई पेंटिंग राज्यपाल को दी। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि मोटा अनाज खाएं और सेहत बनाएं। बीमारियों को भगाने और हमेशा स्वस्थ रहने के लिये मोटे अनाज का सेवन जरूर करें।