2 और 3 जुलाई को होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, PM मोदी भी होंगे शामिल

2 और 3 जुलाई को होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, PM मोदी भी होंगे शामिल

नई दिल्ली। 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा अब चुनावी तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में भाजपा का मिशन दक्षिण भी शुरू हो गया है। खबर के मुताबिक 2 और 3 जुलाई को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है। यह बैठक हैदराबाद में आयोजित की जाएगी। इसका मकसद साफ है कि दक्षिण भारत के राज्यों में भाजपा को मजबूत किया जा सके। ताकि 2024 के चुनाव में पार्टी बढ़त हासिल कर सके। खबर के मुताबिक दक्षिणी राज्यों को साधने के लिए भाजपा की ओर से एक बड़ी योजना बनाई जा रही है। साथ ही साथ हैदराबाद में इस कार्यकारिणी की बैठक को रखने का मकसद असदुद्दीन ओवैसी तथा के चंद्रशेखर राव को उनके ही घर में घेरना है। आपको बता दें कि के चंद्रशेखर राव भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर एक नया गठबंधन बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

भाजपा ने 2023-24 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियां भी शुरू कर दी है। खुद भाजपा अध्यक्ष हाल में ही आंध्र प्रदेश के दौरे पर थे जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश भी दिया है। खबर के मुताबिक के भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। भाजपा इस मौके को पूरी तरीके से भुनाने की कोशिश में लगी है। यही कारण है कि सूत्रों ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने से पहले हैदराबाद में एक भव्य रोड शो भी करेंगे। कर्नाटक और थोड़ा बहुत तेलंगाना को छोड़ दें तो बाकी के दक्षिण भारत के राज्यों में भाजपा की स्थिति सुनने है। केरल आंध्र प्रदेश तमिलनाडु के साथ-साथ तेलंगाना और कर्नाटक में 120 सीटें आती हैं। भाजपा चुनाव से पहले दक्षिण भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ज्यादा कार्यक्रम को भी आयोजित करने पर विचार कर रही है। ताकि 2024 में इसका लाभ पार्टी को मिल सके। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह समेत पार्टी के कई और बड़े नेता शामिल होंगे।