जापान दौरे पर कोरिया, वियतनाम के नेताओं से मिले पीएम मोदी

जापान दौरे पर कोरिया, वियतनाम के नेताओं से मिले पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जी-7 के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान दौरे पर गए हुए हैं। शनिवार को पीएम मोदी ने कोरिया गणतंत्र के राष्ट्रपति यून सुक योल और वितयनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन चिन से द्विपक्षीय मुलाकात की। यह मुलाकात जापान के ऐतिहासिक शहर हिरोशिमा में हुई। इन बैठकों के दौरान दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। जापान के हिरोशिमा में हो रहे जी-7 सम्मेलन में भारत को बतौर मेहमान देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। भारत के अलावा इस सम्मेलन में इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, वियतनाम और ऑस्ट्रेलिया भी बतौर मेहमान देश शामिल हो रहे हैं। 

जापान के हिरोशिमा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जापान के मशहूर लेखक, हिंदी, पंजाबी भाषा के जानकार और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. तोमियो मिजोकामी और जापान की मशहूर चित्रकार हिरोको ताकायामा से भी मुलाकात की। डॉ. तोमियो से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि प्रोफेसर तोमियो मिजोकामी से मिलकर उन्हें खुशी हुई। वह हिंदी और पंजाबी भाषा के जानकार हैं और जापान के लोगों के बीच भारतीय संस्कृति को प्रसिद्ध करने में उनकी अहम भूमिका है।