भाजपा विधायक ने लगाये बहराइच की पुलिस अधीक्षक पर गंभीर आरोप

भाजपा विधायक ने लगाये बहराइच की पुलिस अधीक्षक पर गंभीर आरोप

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच ज़िले के महसी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के विधायक सुरेश्वर सिंह ने पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह पर गंभीर आरोप लगाये है। श्री सिंह ने जिलाधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी को पत्र भेजा। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने उनकी तहरीर तक नहीं ली। विधायक ने किसी भी तरह की अनहोनी होने पर एसपी की जिम्मेदारी होने की भी बात कही है।

महसी से भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह को रविवार की रात एक इंटरनेट काल की गई थी। विधायक का आरोप है कि फोन करने वाले ने उनकी हत्या की सुपारी मिलने और 24 घंटे के भीतर हत्या करने की धमकी दी थी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस संबंध में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी को पत्र भेजा। विधायक का कहना है कि उनके पत्र के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। लेकिन उनके पास किसी पुलिस अधिकारी ने संपर्क तक नहीं किया। विधायक ने जिलाधिकारी और श्री अवस्थी को लिखे पत्र में कहा है कि अगर उनके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो उसकी जिम्मेदार सीधे तौर पर एसपी ही होंगी।