भाजपा सरकार में युवाओं ने झेला बेरोजगारी का दंश: मिश्रा  

भाजपा सरकार में युवाओं ने झेला बेरोजगारी का दंश: मिश्रा   

बस्ती। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महासचिव सतीश चन्द्र मिश्रा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में युवाओं को नौकरी की बजाय बेरोजगारी का दंश झेलने को मजबूर होना पड़ा है। मिश्रा ने शुक्रवार को यहां आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल मे भाजपा की सरकार ने युवाओं को बेरोजगार कर दिया है। समाज का हर वर्ग इस सरकार की नीतियों और कारनामों से परेशान है।

उन्होने कहा कि बसपा की बढती लोकप्रियता से बौखलायी भाजपा भी अब प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन करने को आतुर हो गयी है लेकिन प्रबुद्ध वर्ग के लोग इनके बारे मे जान गये है। भाजपा झूठ बोल कर सत्ता में आई है। वह लोगों को गुमराह करने का काम करती है लेकिन ब्राह्मण और दलित समाज के सहयोग से इस बार बसपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने वाली है। उन्होने दावा किया कि भाजपा सरकार ब्राह्मणों की उपेक्षा कर रही है और लगातार ब्राह्मणों के ऊपर हमले करवा रही है।

बसपा नेता ने कहा कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) का सफाया हो गया है। सपा के नेता कभी साइकिल रैली निकलते है तो कभी धरने पर आ जाते है। इन सभी चीजो से जनता परेशान हो गयी है। मिश्र ने कहा कि 2007 के पहले विधानसभा में ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधित्व शून्य था लेकिन 2007 में बसपा की सरकार में ब्राह्मणो का सबसे अधिक उत्थान हुआ। ब्राह्मण समाज को फिर से जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी क्योंकि सिर्फ 16 प्रतिशत से काम नही चलेगा इससे एक सीट भी नही जीती जा सकती। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को पूर्व कैबिनेट मन्त्री राजकिशोर सिहं,पूर्व मन्त्री बृजकिशोर सिंह सहित अन्य लोगो ने भी सम्बोधित किया।