Women's Day 2022: आपके लिए फेमिनिज्म क्या है?  

Women's Day 2022: आपके लिए फेमिनिज्म क्या है?   

फीचर्स। कल शाम मेरे पास एक फोन आया, एक युवा पत्रकार महिला दिवस पर एक लेख लिखने जा रही थी और उसके लिए मेरे कोट्स मांग रही थी। उसका पहला सवाल था आपके लिए फेमिनिज्म क्या है? मैंने जवाब दिया एक ऐसी स्त्री जो शारीरिक, मानसिक और आर्थिक तौर पर पूरी तरह आत्मनिर्भर हो, वो फेमिनिस्ट है। मेरे उत्तर से वो संतुष्ट नहीं हुई। मैंने उससे पलट कर सवाल किया, ‘तुम्हारे लिए क्या है?’

उसने उत्तर देने में दो सेकंड भी नहीं लिया, ‘मर्दों को और मर्दवादी सोच को नीचा दिखाना।’

 मैंने कहा, ठीक से समझाओ। वो शुरू हो गई, ‘सालों से पुरुषों ने हम महिलाओं पर हुक्म चलाया है, हमें गुलाम बना कर रखा है। वक्त आ गया है कि हम उन्हें सबक सिखाएं, उनका गुरूर तोड़ें, उन्हें अहसास दिलाएं कि हम कितने ताकतवर हैं और वे कितने कमजोर।’

मैं सोच में पड़ गई। याद आया, कुछ दिनों पहले एक परिचित की युवा बेटी ने कहा था, मैं एक बहुत अमीर आदमी से शादी करना चाहती हूं। मैं मजे से उसके पैसे खर्च करूंगी और उसका गुरूर चकनाचूर कर दूंगी।

उस लड़की ने मुझसे दो-चार सवाल और भी पूछे। बाद में कुछ झुंझला कर बोली, मैडम, आप फेमिनिस्ट नहीं हैं क्या?

 कैसे कहूं कि मैं फेमिनिस्ट तो हूं पर उसके विचारों से अलग हूं। अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर बिताना तो समझ आता है, पर इसके लिए किसी पुरुष को मजा चखाना पल्ले नहीं पड़ता। ये नई फेमिनिज्म की परिभाषा मेरी समझ नहीं आती। आपकी आती है तो बताएं। 

input by : Jayanti Ranganathan