कार्यकर्ताओं ने मंत्री इमरती देवी को मास्क लगाने के लिए बोला तो मंत्री ने गाड़ी से फेक दिया

कार्यकर्ताओं ने मंत्री इमरती देवी को मास्क लगाने के लिए बोला तो मंत्री ने गाड़ी से फेक दिया

भोपाल। अकसर सुर्खियों में रहने वाली केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की समर्थक और वर्तमान में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी का एक और नया कारनामा सामने आया है। जब मंत्री इमरती देवी भांडेर से डबरा की ओर जा रही थीं, तभी उन्हें रास्ते में बम बम महादेव चौराहे पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बगैर मास्क के देखा और मास्क लगाने के लिए बोला।  

मंत्री ने पहले तो मास्क लगा लिया लेकिन इसके बाद मास्क फेंकते हुए अपनी गाड़ी बढ़ा दी। इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मंत्री के मास्क फेंकने को लेकर चिल्लाते हुए नजर आए। मंत्री का मास्क फेंकने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। एक ओर भारत के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री मास्क लगाने की अपील कर रहे हैं। इमारती देवी जिन्हें अपना नेता मानती हैं, वह ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कई बार जनता से मास्क लगाने की अपील कर रहे हैं लेकिन इमरती देवी के इस कारनामे को लेकर शहर में भी सियासत गर्म हो गई है।  

शहर के लोगों का मानना है कि यह मास्क आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा दिया गया था। इसलिए मंत्री ने मास्क फेंक दिया। अगर बीजेपी कार्यकर्ता या किसी सिंधिया समर्थक कार्यकर्ता ने यह मास्क दिया होता तो शायद दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री इमरती देवी मास्क लगा लेतीं।