राहुल की अगुवाई में हो रही कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का क्या परिणाम होगा : अमित शाह
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में हो रही कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का क्या परिणाम होगा, यह जानने के लिए तो इंतजार करना होगा लेकिन राजनीति में ‘निरंतर प्रयासों’ से ही सफलता मिलती है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उनका हमेशा से यह मानना रहा है कि नेताओं को परिश्रमी होना चाहिए और जब कोई कठिन परिश्रम करता है तो उन्हें अच्छा लगता है। शाह की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं में शुमार राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रहे हैं और भाजपा नेता इसके लिए लगातार उनपर निशाना साध रहे हैं।
ज्ञात हो कि राहुल गांधी ने भाजपा की कथित विभाजनकारी राजनीति, देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों पर तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को इस यात्रा की शुरुआत की थी। करीब 3,570 किलोमीटर दूरी की यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरते हुए जम्मू एवं कश्मीर में समाप्त होगी। कांग्रेस ने इस यात्रा को भारतीय राजनीति में एक ‘टर्निंग प्वाइंट’ (निर्णायक मोड़) करार दिया है वहीं भाजपा ने इसे ‘छलावा’ तथा ‘गांधी परिवार’ को बचाने का कांग्रेस का अभियान बताया है। भाजपा के नेता राहुल गांधी के दाढ़ी वाले लुक और उनके कपड़ों को लेकर भी उन्हें निशाना बना रहे हैं।